logo

दरभंगा : बाल सुधार गृह में किशोर की संदिग्ध मौत, परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप

crime55.jpg

द फॉलोअप डेस्क
दरभंगा जिले के लहेरियासराय स्थित बाल सुधार गृह एक बार फिर विवादों में घिर गया है। रविवार सुबह करीब 11 बजे यहां एक 16 वर्षीय किशोर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई, जिससे पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान फरदाहा गांव, बेनीपुर प्रखंड निवासी के रूप में हुई है, जिसे अपहरण के एक मामले में सुधार गृह में भेजा गया था। जानकारी के अनुसार, अन्य बच्चों ने शव को बाथरूम में पड़ा देखा और तत्काल इसकी सूचना हाउस फादर मदन प्रसाद को दी। किशोर को आनन-फानन में दरभंगा मेडिकल कॉलेज अस्पताल (डीएमसीएच) ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
परिजनों ने जताई हत्या की आशंका, मानसिक प्रताड़ना के लगाए आरोप
किशोर के परिजनों ने बाल सुधार गृह प्रशासन पर लापरवाही और प्रताड़ना के आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि दो दिन पहले किशोर ने बताया था कि रिमांड रूम में कुछ अन्य बच्चे उसे मारते-पीटते हैं और मानसिक रूप से परेशान करते हैं। उसकी मां और दादी ने दावा किया कि किशोर के पैरों की उंगलियों पर चोट के निशान थे।
परिजनों का यह भी आरोप है कि उन्हें एक महिला कर्मचारी ने फोन कर मौत की सूचना दी थी, लेकिन बाद में उसका फोन बंद हो गया। उन्होंने यह भी आशंका जताई है कि बेल की तारीख पास आने या किसी आर्थिक लेन-देन से जुड़े विवाद के कारण किशोर की हत्या की गई हो सकती है।
प्रशासन ने दिए न्यायिक जांच के आदेश, मजिस्ट्रेट की देखरेख में हुआ पोस्टमार्टम
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम विकास कुमार, एसडीपीओ राजीव कुमार और लहेरियासराय थाना पुलिस मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। जिला पदाधिकारी कौशल कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन वास्तविक कारण का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट से चलेगा।
प्रशासन ने न्यायिक जांच के आदेश दिए हैं और मजिस्ट्रेट की निगरानी में पोस्टमार्टम की प्रक्रिया कराई गई है, ताकि जांच में कोई चूक न हो।
लगातार हो रही मौतों पर उठे सवाल, पुलिस जांच में जुटी
यह कोई पहली घटना नहीं है। बीते छह महीनों में लहेरियासराय बाल सुधार गृह में तीन बच्चों की रहस्यमय मौत हो चुकी है। अप्रैल 2025 में भी एक किशोर की मौत के बाद मारपीट का मामला सामने आया था, जिसमें आठ लोगों पर एफआईआर दर्ज की गई थी। लहेरियासराय थानाध्यक्ष अमीत कुमार ने बताया कि मामले की हर कोण से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति स्पष्ट होगी। सीसीटीवी फुटेज की जांच और कर्मचारियों के साथ-साथ अन्य बच्चों से पूछताछ की जा रही है।

Tags - bihar news bihar latest news bihar khabar bihar trending news bihar update darbhanga news darbhanga khabar crime news darbhanga crime news