द फॉलोअप डेस्क
सिवान से सड़क हादसे की एक बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां जिले के सिसवन ढाला के पास मंगलवार की शाम एक 15 वर्षीय किशोरी की दर्दनाक मौत हो गई। घटना की सूचना देने के काफी समय बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंची, जिसकी वजह से लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने सिवान–सिसवन मुख्य मार्ग पर आगजनी कर जाम कर दिया। करीब 5 घंटे तक जाम रहने के कारण सड़क के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। वहीं घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। 
मृतक किशोरी की पहचान हुसैनगंज थाना क्षेत्र के छाता गांव निवासी अफरोज अली की 15 वर्षीय पुत्री शबनम खातून के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों ने बताया कि शाम को दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। इस दौरान सिवान की ओर से आ रही बाइक पर बैठी शबनम बाइक से गिरकर बगल से गुजर रहे ट्रक के नीचे आ गई। ट्रक की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।.jpg)
घटना के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। वहीं स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना डायल 112 और नगर थाना पुलिस को फोन पर दी, लेकिन लगभग तीन घंटे तक कोई पुलिसकर्मी मौके पर नहीं पहुंचे। जिससे नाराज लोगों ने सड़क पर टायर जलाकर विरोध प्रदर्शन करना शुरू कर दिया।.jpeg)
जिसके बाद सिवान–सिसवन मुख्य मार्ग पूरी तरह ठप हो गया। करीब 5 घंटे तक जाम रहने से सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई । वहीं देर से पहुंची पुलिस को लोगों के भारी विरोध का सामना करना पड़ा। मौके पर पहुंचे अंचलाधिकारी के साथ भी लोगों ने खूब हंगामे किये । जिसके बाद स्थिति को संभालने के लिए सदर एसडीओ आशुतोष कुमार गुप्ता घटनास्थल पर पहुंचे और लोगों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया। मामला शांत होने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया।