logo

भागलपुर में 12वीं के छात्र ने सहपाठी की चाकू गोदकर की हत्या, मां सरस्वती प्रतिमा स्थल के पास किया  हमला

murderr1.jpg

भागलपुर
बिहार के भागलपुर जिले में नाबालिग छात्रों के बीच पुरानी रंजिश एक दर्दनाक हत्या में तब्दील हो गई। मधुसूदनपुर थाना क्षेत्र के कंझिया गांव में 12वीं कक्षा के एक छात्र की चाकू गोदकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान शिवराज उर्फ युवराज कुमार के रूप में हुई है, जबकि आरोपी भी उसी कक्षा का नाबालिग छात्र बताया जा रहा है।
घटना शुक्रवार शाम करीब सवा चार बजे मध्य विद्यालय कंझिया परिसर में स्थापित मां सरस्वती की प्रतिमा के पास हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरोपी ने युवराज पर अचानक हमला करते हुए उसकी छाती के पास तीन से चार बार चाकू से वार किया और मौके से फरार हो गया। गंभीर रूप से घायल युवराज को परिजन और स्थानीय लोगों की मदद से मायागंज अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।


घटना की सूचना मिलते ही मधुसूदनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। एसपी सिटी शैलेन्द्र कुमार सिंह ने बताया कि यह घटना पुरानी रंजिश का नतीजा है। उन्होंने कहा कि आरोपी भी नाबालिग है और घटना के बाद से उसके परिवार के सभी सदस्य घर छोड़कर फरार हैं। आरोपी की तलाश के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और एफएसएल टीम को भी जांच के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस ने आरोपी के घर की तलाशी के दौरान एक मोबाइल फोन बरामद किया है, जिसे छज्जे पर छिपाकर रखा गया था। अधिकारियों ने आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटनास्थल को चिह्नित किया है। परिजनों के अनुसार, मृतक युवराज तीन भाइयों में से एक था। इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और नाबालिगों के बीच बढ़ती हिंसा को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं।

Tags - Bihar Bihar News Bihar।atest News Bihar News Update Bihar News in Hindi Bihar।atest News Update