द फॉलोअप डेस्क
बिहार की राजनीति और लालू परिवार के भीतर चल रहा 'शीतयुद्ध' अब नए साल के पहले दिन कुछ नरम पड़ता दिखाई दे रहा है। पार्टी और परिवार से निष्कासित किए जाने के करीब 7 महीने बाद तेजप्रताप यादव गुरुवार को अपनी मां और पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के आवास पहुंचे। मौका था राबड़ी देवी के जन्मदिन का, जिसे खास बनाने के लिए तेजप्रताप हाथ में केक लिए अपने पुराने घर पहुंचे। गौरतलब है कि पिछले साल मई में हुए विवाद के बाद यह पहला मौका है जब तेजप्रताप सार्वजनिक रूप से परिवार के करीब दिखे हैं।.jpeg)
इस बार राबड़ी देवी का जन्मदिन बीते वर्षों की तुलना में काफी शांत रहा। आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव मोतियाबिंद के ऑपरेशन के बाद दिल्ली में मीसा भारती के पास स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं, वहीं नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव अपनी पत्नी के साथ यूरोप ट्रिप पर हैं। ऐसे में पटना स्थित आवास पर सन्नाटा पसरा था। कार्यकर्ताओं की वह पुरानी भीड़ भी नदारद थी। इस सन्नाटे को तोड़ते हुए तेजप्रताप यादव वहां पहुंचे और मां के साथ जन्मदिन मनाया। उन्होंने सोशल मीडिया पर पूरी फैमिली की एक पुरानी फोटो भी साझा की, जिसमें लालू-राबड़ी के साथ सभी नौ भाई-बहन एक साथ नजर आ रहे हैं।
तेजप्रताप ने X पर एक लंबा और बेहद भावुक संदेश अपनी मां के लिए लिखा। उन्होंने राबड़ी देवी को परिवार की आत्मा बताते हुए लिखा, "जन्मदिन मुबारक हो, मां। आप हमारे परिवार की आत्मा हैं। हर हंसी, हर प्रार्थना, हर पल जो घर जैसा लगता है, आप ही की देन हैं। यह जीवन जो हम जी रहे हैं। गर्मजोशी से भरा, अपूर्ण, प्रेम से परिपूर्ण, आपके कारण ही संभव है। आपने तब भी इसे संभाला जब हमें यह भी नहीं पता था कि संभालना क्या होता है। आप मेरी सबसे बड़ी प्रेरणा हैं। आपने बिना गिने दिया, बिना किसी शर्त के प्यार किया, और तब भी मजबूती से खड़ी रहीं जब किसी ने नहीं देखा कि यह कितना बोझिल था। कहते हैं कि जब ईश्वर हर जगह नहीं हो सकता, तब वह मां को भेजता है। और हम सभी असीम रूप से धन्य हैं क्योंकि हमारे पास आप हैं।" .jpg)
तेजप्रताप के इस पोस्ट को उनके परिवार के प्रति समर्पण और सुलह की कोशिश के रूप में देखा जा रहा है। बता दें कि यह पूरा विवाद 24 मई 2025 को शुरू हुआ था, जब तेजप्रताप के सोशल मीडिया अकाउंट से अनुष्का यादव के साथ रिलेशनशिप को लेकर एक पोस्ट वायरल हुई थी। हालांकि तेजप्रताप ने इसे हैकिंग बताया, लेकिन कुछ वीडियो और फोटो सामने आने के बाद मामला बिगड़ गया। महज 24 घंटे के भीतर 25 मई को लालू यादव ने उन्हें परिवार से बेदखल कर दिया। इसके बाद 1 जून को आरजेडी ने महज 27 शब्दों का एक पत्र जारी कर उन्हें 6 साल के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया था।
परिवार से अलग होने के बाद तेजप्रताप ने अपनी नई पार्टी 'जनशक्ति जनता दल' (JJD) बनाई और वैशाली की महुआ सीट से चुनाव लड़ा। उन्होंने हेलिकॉप्टर से धुआंधार प्रचार किया, लेकिन जनता ने उन्हें नकार दिया। तेजप्रताप चुनाव हार गए और तीसरे स्थान पर खिसक गए। इसके बाद उन्होंने अपना यूट्यूब चैनल खोला और ब्लोगिंग शुरू की. हालांकि इस हार और अकेलेपन ने शायद तेजप्रताप को फिर से परिवार की अहमियत का अहसास कराया है।.jpeg)
राबड़ी आवास पर तेजप्रताप की इस मौजूदगी ने राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज कर दी है। हालांकि लालू यादव और तेजस्वी यादव की ओर से अभी इस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है, लेकिन नए साल के मौके पर मां के साथ उनकी ये तस्वीरें संकेत दे रही हैं कि लालू परिवार के भीतर जमी बर्फ अब धीरे-धीरे पिघल सकती है। फिलहाल, पटना में चर्चा इस बात की है कि क्या यह सिर्फ एक बेटे का मां के प्रति प्यार था या आरजेडी में तेजप्रताप की वापसी की कोई नई पटकथा लिखी जा रही है।