logo

अपराधियों संग विदेश में छुट्टी मना रहे तेजस्वी! MLC नीरज कुमार का आरोप, DGP को लिखा पत्र

neeraj.jpg

द फॉलोअप डेस्क
बिहार विधानसभा का शीतकालीन सत्र खत्म हुए आज पूरे 20 दिन हो गए हैं। लेकिन अब तक बिहार के इस सत्र में तेजस्वी यादव की गैरमौजूदगी की  राजनीति गरमाई हुई है। जदयू के मुख्य प्रवक्ता और एमएलसी नीरज कुमार ने बिहार के पुलिस महानिदेशक (DGP) को एक पत्र लिखकर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव की विदेश यात्रा पर एक सनसनीखेज आरोप लगाए हैं। नीरज कुमार का दावा है कि तेजस्वी यादव इन दिनों विदेश में हैं, लेकिन उनके साथ मौजूद लोग सामान्य नहीं बल्कि गंभीर आपराधिक पृष्ठभूमि वाले हैं। इस पत्र के बाद बिहार की राजनीति में आरोपों का दौर तेज हो गया है। हालाँकि नीरज कुमार ने इससे जुड़ा ना कोई फोटो-वीडियो जारी किया है और ना कोई ठोस प्रमाण दिया है। सिर्फ लेटर लिखकर आरोप लगाये है।
DGP को लिखे पत्र में नीरज कुमार ने उल्लेख किया है कि तेजस्वी यादव यूपी के हिस्ट्रीशीटर रमीज नेमत खान के साथ विदेश भ्रमण पर हैं। आपको बता दें कि रमीज यूपी के बलरामपुर निवासी हैं और दिल्ली के DPS और जामिया मिलिया इस्लामिया से MBA किया है। उनके पिता जामिया में प्रोफेसर रह चुके हैं। रमीज दिल्ली और झारखंड के लिए अंडर-19 और अंडर-22 स्तर पर क्रिकेट खेल चुके हैं। पूर्व सांसद रिजवान जहीर की बेटी से शादी के बाद वे राजनीति और चुनावी मैनेजमेंट में सक्रिय हुए। इन्हें तेजस्वी यादव का करीबी भी माना जाता है, जो राजद के लिए चुनावी रणनीति और डिजिटल मैनेजमेंट का काम संभालते रहे हैं। रमीज पर हत्या, गैंगस्टर एक्ट और NSA समेत कुल 11 गंभीर मामले दर्ज हैं। 2022 में पूर्व चेयरमैन फिरोज पप्पू की हत्या में नाम आने के बाद वे लंबे समय तक जेल में थे और अप्रैल 2025 में ही जमानत पर बाहर आए हैं।
साथ ही उन्होंने यह भी आशंका जताई है कि मोतिहारी का कुख्यात और एक लाख रुपये का इनामी अपराधी देवा गुप्ता भी इस दौरान तेजस्वी यादव के संपर्क में या साथ हो सकता है। दावा है कि देवा गुप्ता पुलिस की 100 इनामी अपराधियों की सूची में शामिल है और उसके खिलाफ हत्या, रंगदारी और भूमि कब्जा जैसे कुल 28 गंभीर मामले दर्ज हैं। देवा की पत्नी प्रीति कुमारी मोतिहारी नगर निगम की मेयर हैं, जबकि देवा खुद फरार बताया जा रहा है।
नीरज कुमार ने पुलिस महानिदेशक से मांग की है कि इन तथ्यों को गंभीरता से संज्ञान में लिया जाए। उन्होंने अनुरोध किया है कि नेता प्रतिपक्ष के साथ कथित रूप से विदेश में घूम रहे इन आपराधिक पृष्ठभूमि वाले व्यक्तियों पर बिहार पुलिस कड़ी नजर बनाये रखे। उन्होंने सवाल उठाया है कि आखिर एक जिम्मेदार नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री की अपराधियों के साथ ऐसी क्या मजबूरी है कि वे उनके साथ विदेशों की सैर कर रहे हैं।
जदयू एमएलसी नीरज कुमार द्वारा बिहार के डीजीपी को लिखे गए इस पत्र के बाद राज्य की सियासत में जबरदस्त उबाल देखा जा रहा है। बता दें कि इस बार के बिहार विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दौरान नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव सदन से नदारद रहे थे, जिसे लेकर सत्ता पक्ष लगातार उनकी गैर मौजूदगी पर हमलावर था। चालु सत्र के दौरान ही वे विदेश यात्रा पर निकल गए थे जिसके बाद सत्ता पक्ष के नेता लगातार उनपर तंज कस रहे थे। 
 

Tags - bihar news bihar khabar bihar update JDU MLC neeraj kumar  tejashwi yadav patna news patna khabar