द फॉलोअप डेस्क
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के द्वारा स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से आशा और ममता कार्यकर्ताओं की प्रोत्साहन राशि बढ़ाने की घोषणा करने के बाद RJD नेता तेजस्वी यादव ने उनपर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने नीतीश कुमार के द्वारा किये गए घोषणा के बाद उनकी सरकार को नकलची बोला है। उन्होंने कहा है कि जिस प्रोत्साहन राशि को मेरे स्वास्थ्य मंत्री रहते अंतिम स्टेज तक पहुंचाया गया था। उसे इस बदलू सरकार ने चालाकी करते हुए नकल कर जनता के सामने पेश किया है। उन्होंने सरकार पर तंज कसते हुए कहा है कि इस दृष्टिहीन और विजन रहित सरकार का डर देख अच्छा लगा। .jpg)
उन्होंने नीतीश की इस घोषणा पर व्यंग्य कसते हुए एक्स पर लिखा है कि "मैंने 17 महीने स्वास्थ्य मंत्री रहते आशा एवं ममता कार्यकर्ताओं की प्रोत्साहन राशि बढ़ाने की प्रक्रिया शुरू दी थी जो अंतिम स्टेज में थी लेकिन तब तक सरकार और मुख्यमंत्री आदतन पलटी मार गए। ये निकम्मी एनडीए सरकार उस पर भी दो साल से कुंडली मार कर बैठी रही। अब आखिरकार इन्हें आशा एवं ममता कार्यकर्ताओं की प्रोत्साहन राशि बढ़ाने की हमारी इस मांग के सामने भी झुकना ही पड़ा। यहाँ सरकार ने चालाकी करते हुए हमारी इस मांग को पूर्णरूपेण लागू नहीं किया। इनको प्रोत्साहन राशि नहीं बल्कि मानदेय मिलना चाहिए। हम इन्हें मानदेय देंगे।"
उन्होंने आगे लिखा है कि "अब इस सरकार को आंगनवाड़ी सेविका/सहायिका और रसोइयां के मानदेय में भी बढ़ोतरी करने की हमारी मांग को भी मजबूरन मानना ही पड़ेगा। हमारे 17 महीनों के अल्प कार्यकाल में ही हमने विकास मित्र, शिक्षा मित्र/टोला सेवक, तालीमी मरकज़ और पंचायती राज जनप्रतिनिधियों का मानदेय बढ़ाया था। 
अंत में उन्होंने लिखा "हमारी मांगों, घोषणाओं, वादों, इरादों और दावों को देखकर इस नकलची, थकी-हारी, दृष्टिहीन और विजन रहित सरकार का डर देखकर अच्छा लगता है। ये डर अच्छा है लेकिन 20 साल तक क्या ये मूँगफली छील रहे थे? यही सरकार, इनके नेता-मंत्री और अधिकारी जो हमारी घोषणा का मखौल उड़ाते थे वो अब सत्ता जाते देख दौड़ रहे है। सब कुछ तेजस्वी का ही नक़ल करोगे या अपनी भी अक्ल लगाओगे?"