logo

बिहार की जिन महिलाओं को मिले थे 10 हजार रुपये, अब उन्हें रोजगार बढ़ाने के लिए नीतीश सरकार देगी 2 लाख

nitishk.jpg

द फॉलोअप डेस्क
बिहार की महिलाओं के लिए नीतीश सरकार ने एक बड़ा ऐलान किया है। ‘मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना’ के तहत जिन्हें 10 हजार रुपए मिले थे, अब उन योग्य महिलाओं को अपना कारोबार बढ़ाने के लिए 2 लाख रुपये की वित्तीय सहायता दी जाएगी। यह उन महिलाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है, जिन्होंने योजना के पहले चरण का लाभ उठाकर अपना छोटा स्वरोजगार शुरू कर लिया है।
योजना की शर्त के अनुसार, जिन महिलाओं ने पहली किस्त का सही सदुपयोग किया है, उनके काम का 6 महीने बाद आकलन किया जाएगा। यदि उनके रोजगार में संतोषजनक प्रगति पाई जाती है, तो उन्हें 2 लाख रुपये की अतिरिक्त राशि किस्तों में दी जाएगी। विशेष परिस्थितियों में, यदि व्यवसाय बहुत अच्छा चल रहा हो, तो सरकार एकमुश्त राशि देने पर भी विचार कर सकती है।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोशल मीडिया के माध्यम से जानकारी दी कि प्रथम चरण में अब तक 1.56 करोड़ लाभार्थियों के बैंक खातों में 10,000 रुपये की शुरुआती राशि DBT के जरिए भेजी जा चुकी है। उन्होंने यह भी भरोसा दिलाया कि ग्रामीण या शहरी क्षेत्रों की जो महिलाएं अभी छूट गई हैं, उनके खातों में भी जल्द ही पहली किस्त भेजने की प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी।
सरकार का मानना है कि इस पहल से बिहार की महिलाएं न केवल आत्मनिर्भर बनेंगी, बल्कि राज्य में उद्यमिता का नया माहौल बनेगा। मुख्यमंत्री का लक्ष्य है कि हर परिवार से कम से कम एक महिला 'उद्यमी' के रूप में पहचान बनाए, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर पैदा होंगे और मजबूरी में होने वाले पलायन पर भी प्रभावी रोक लग सकेगी।
 

Tags - bihar news bihar khabar bihar update bihar trending news bihar latest news bihar government news bihar government khabar CM nitish kumar news