द फॉलोअप डेस्क
बिहार में हालिया दिनों में पक्ष हो या विपक्ष दोनों ही खेमों के नेता सुर्खियां बटोर रहे हैं। राज्यसभा चुनाव से पहले बिहार सहित पूरे देश में सियासी हलचल तेज है। इस बीच राजद के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव के दो दिवसीय बंगाल दौरे पर जाने की सूचना सामने आ रही है। फिलहाल यह जानकारी अभी स्पष्ट नहीं हुई है कि वह वहां किन नेताओं से मुलाकात करेंगे, लेकिन राजनीतिक हलकों में इस दौरे को काफी अहम माना जा रहा है। बता दें कि पश्चिम बंगाल में आगामी चुनाव को लेकर भाजपा भी अपनी पूरी ताकत लगा रही है। बिहार के कई भाजपा नेता लगातार बंगाल जाकर प्रचार-प्रसार में जुटे हुए हैं। राजद पार्टी कोशिश कर रही है कि इस बार अपनी सरकार बंगाल में बनाए। इसे लेकर तेजस्वी यादव का बंगाल दौरा राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। राजनीतिक घटनाक्रम को देखें तो तेजस्वी यादव का पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के साथ अच्छे संबंध रहे हैं।

पहले भी दोनों नेताओं के बीच कई मौकों पर मुलाकात हो चुकी है। ज्ञात हो कि, जब तेजस्वी यादव की पत्नी कोलकाता के एक अस्पताल में भर्ती थीं और उनके बेटे का जन्म हुआ था, तब ममता बनर्जी स्वयं अस्पताल पहुंचकर उनसे मुलाकात की थी। इसलिए यह माना जा रहा है कि बंगाल दौरे के दौरान तेजस्वी यादव, ममता बनर्जी से भी मुलाकात कर सकते हैं। हालांकि, इस दौरे का आधिकारिक कार्यक्रम अभी सामने नहीं आया है, लेकिन राज्यसभा चुनाव से पहले तेजस्वी का यह दौरा सियासी तौर पर काफी अहम माना जा रहा है।