बक्सर
चोरी की खबरें तो आपने बहुत सुनी होंगी। लेकिन खबर बिहार की है जहां तालाब चोरी, पूल चोरी के बाद अब 132 फीट उंचा मोबाईल टावर चोरी की घटना सामने आई है।बिहार के बक्सर जिले से आई यह खबर चोरी की दुनिया में नया कीर्तिमान स्थापित करती नजर आ रही है। डुमरांव में चोरों ने 132 फीट ऊंचे मोबाइल टावर को ही गायब कर दिया। हैरानी की बात यह है कि यह टावर किसी सुनसान जंगल में नहीं, बल्कि रिहायशी इलाके के बीचोंबीच लगा था और नगर थाने से भी ज्यादा दूर नहीं था। बावजूद इसके किसी को भनक तक नहीं लगी कि इलाके की सबसे ऊंची संरचनाओं में से एक अचानक गायब हो गई। मामला तब सामने आया जब वर्षों से बंद पड़े टावर की मरम्मत करने GTL कंपनी के अधिकारी पहुंचे और वहां उन्हें टावर तो दूर, उसका कोई पुर्जा तक नहीं मिला।

कंपनी ने थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि टावर के साथ जेनरेटर सेट और अन्य उपकरण भी गायब हैं। जमीन मालिक हरेनाथ यादव ने कहा कि 2022 में समझौते की अवधि समाप्त होने के बाद कंपनी ने भुगतान बंद कर दिया था और कई नोटिस भेजने के बावजूद कोई जवाब नहीं मिला। अब पता चला कि पूरा टावर ही चोरी हो चुका है। इधर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और जमीन मालिक से भी पूछताछ की तैयारी है। स्थानीय लोग इस बात से ज्यादा हैरान हैं कि 15 साल से खड़ा विशाल टावर कब, कैसे और किस रास्ते से गायब हो गया। अब इलाके में चर्चा है कि अगर चोर 132 फीट का टावर ले जा सकते हैं, तो फिर शायद अगली बार कोई पुल या भवन भी सुरक्षित नहीं रहेगा!
