logo

BIHAR : बिहार में अब होगी पर्यटन पुलिस की तैनाती, इन भाषाओं के होंगे जानकार

police5.jpg

डेस्क:
बिहार (Bihar) में आतंकी गतिविधियों को लेकर आई खबर ने पुलिस (Bihar Police) में हड़कंप मचा दिया है। इसे लेकर बिहार पुलिस पूरी तरह से अलर्ट मोड पर है। खबर के बाद बिहार के महत्वपूर्ण  पर्यटन स्थल राजगीर (Rajgir) और बोधगया (Bodhgaya) पर सुरक्षा बढ़ाने का फैसला लिया गया है। इसके लिए पर्यटन पुलिस को काम पर लगाया जाएगा।  बिहार के पुलिस महानिदेशक (DGP) एस के सिंघल ने संबंधित अधिकारियों को पुलिस की इकाई का गठन करने का आदेश दे दिया है।

चार से पांच सप्ताह में पर्यटन पुलिस इकाई का चयन करने का आदेश
डीजीपी ने आदेश जारी कर कहा है कि चार से पांच सप्ताह में दोनों जिलों से क्षेत्रीय स्तर पर ही पर्यटन पुलिस इकाई के लिए मानव संसाधन का चयन किया जाए। दरअसल पर्यटन पुलिस की इकाई में प्रतिनियुक्त बल को आने वाले विदेशी पर्यटकों के साथ वातार्लाप करने में भाषा की कठिनाई वर्तमान में हो रही है। इसके लिए अंग्रेजी भाषा के जानकार पदाधिकारी, कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की जाएगी। बता दें कि ये पर्यटन पुलिस नीली वर्दी में रहेंगे और इन्हें पूरे प्रशिक्षण के बाद ही भार सौपा जाएगा।

प्रशिक्षण कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार करेगी एडीजी ट्रेनिंग
पुलिस मुख्यालय में मंगलवार को आयोजित अंतर प्रभागीय बैठक में पर्यटन पुलिस के गठन और प्रशिक्षण पर विस्तार से चर्चा हुई। इसके साथ ही एडीजी ट्रेनिंग को पर्यटन पुलिस में प्रतिनियुक्त होने वाले पदाधिकारियों व कर्मियों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार करने का निर्देश दिया गया। इसके साथ जिला स्तर पर आवश्यक संसाधनों की व्यवस्था करने को भी कहा गया है। साथ ही पटना प्रक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक राकेश राठी ने बैठक में कहा कि एक छोटी सी भी टीम का गठन करके जल्द से जल्द इसकी शुरूआत की जानी चाहिए।