द फॉलोअप डेस्क
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से 1 अणे मार्ग स्थित 'संकल्प' में 2023 बैच के बिहार कैडर के 10 प्रशिक्षु IAS अधिकारियों ने मुलाकात की। इस मुलाकात के दौरान प्रशिक्षु अधिकारियों ने अपनी ट्रेनिंग के दौरान जिले में किए गए कार्यों और अनुभवों को साझा किया।
इन्होंने की सीएम से मुलाकात
बता दें कि इन अधिकारियों में 06 महिलाएं और 04 पुरुष शामिल रहे, जिनमें 05 बिहार के, 04 उत्तर प्रदेश के और 01 राजस्थान के रहने वाले हैं। प्रशिक्षु अधिकारियों में गरिमा लोहिया, तुषार कुमार, अनिरूद्ध पाण्डेय, कृतिका मिश्रा, आकांक्षा आनंद, प्रद्युम्न सिंह यादव, अंजली शर्मा, रोहित कर्दम, शिप्रा विजय कुमार चौधरी और नेहा कुमारी शामिल हैं।ट्रेनिंग के अनुभव किए साझा
वहीं, मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से बातचीत करते हुए कहा, "आप सभी ने अपने अनुभव साझा किए, यह सुनकर मुझे खुशी हुई। आप सभी अभी प्रशिक्षण काल में हैं, इसके बाद आपकी पोस्टिंग होगी। सरकार नीति बनाती है और उस नीति को लागू करने में IAS अधिकारियों की भूमिका महत्वपूर्ण होती है।"
बिहार में बढ़ रही महिलाओं की भागीदारी
मुख्यमंत्री ने आगे यह भी कहा कि 10 प्रशिक्षु अधिकारियों में 06 महिलाएं हैं, यह अत्यंत प्रसन्नता का विषय है। "महिलाएं सभी क्षेत्रों में अपनी उपस्थिति दर्ज करवा रही हैं, यह देखना बहुत अच्छा लगता है। बिहार ने पंचायत और नगर निकाय चुनाव में महिलाओं के लिए 50 प्रतिशत आरक्षण दिया। ऐसा करने वाला बिहार पहला राज्य है। इसके अलावा पुलिस विभाग में महिलाओं के लिए 35 प्रतिशत आरक्षण भी दिया गया है, जो अन्य राज्यों के मुकाबले बिहार में महिलाओं की भागीदारी को बढ़ा रहा है।"
ये रहे उपस्थित
इस अवसर पर मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, सामान्य प्रशासन विभाग के अपर मुख्य सचिव डॉ बी राजेन्द्र, मुख्यमंत्री के सचिव अनुपम कुमार, कुमार रवि और मुख्यमंत्री के विशेष कार्य पदाधिकारी गोपाल सिंह भी उपस्थित रहे।