logo

BIHAR : 13,585 करोड़ की लागत से बने गांधी सेतु के पूर्वी लेन का उद्घाटन, पटना से उत्तर बिहार का सफर आसान

nitin_gadkari.jpg

पटना:
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और सीएम नीतीश कुमार ने गांधी सेतु के पूर्वी लेन का उद्घाटन किया। मंगलवार सुबह 11 बजे इसका उद्घाटन किया गया। यह सेतु पटना से लेकर उत्तर बिहार के लिए लाइफ लाइन होगा, अब 15 मिनट में ही पटना से वैशाली की दूरी तय हो जाएगी। बता दें कि यह देश का दूसरा सबसे लंबा स्टील ब्रिज है।

5.75 किलोमीटर लंबा है पुल
इस लेन को बनाने का काम पिछले 5 साल से चल रहा था। पिछले पांच साल से बिहार के लोग इसके बनने का इंतजार कर रहे थे। इस पुल में खास बात यह है कि इसे सीमेंट की जगह स्टील से बनाया गया है। अब 15 मिनट में पटना से वैशाली की दूरी तय हो जाएगी। पटना-हाजीपुर को जोड़ने वाले महात्मा गांधी सेतु का इतिहास लंबा है।  5.75 किलोमीटर लंबा पुल अब भी देश का दूसरा सबसे लंबा स्टील पुल और सभी पुलों में तीसरा सबसे लंबा पुल है। यह पुल 100 साल से अधिक समय टिका रहेगा। देश के टॉप 10 पुल में से चार बिहार के ही हैं। महात्मा गांधी सेतु को 13585 करोड़ की लागत से 15 राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजना के तहत तैयार किया गया है।


गांधी सेतु के समांतर एक और पुल का निर्माण
 
बिहार के पथ निर्माण मंत्री नितिन नवीन ने इस मौके पर कहा कि गंगा नदी पर कई पुल का निर्माण कराया जा रहा है। उन परियोजनाओं पर काम भी चल रहा है। इसी कड़ी में महात्‍मा गांधी सेतु के सुपर स्‍ट्रक्‍चर में बदलाव किया गया। उन्‍होंने बताया कि गांधी सेतु के समांतर एक और पुल का निर्माण किया जा रहा है। इस मौके पर बिहार के पथ निर्माण मंत्री ने महत्‍वपूर्ण जानकारी देते हुए बताया कि प्रदेश में जल्‍द ही ब्रिज मेंटेनेंस पॉलिसी लाई जाएगी, ताकि पुलों का सही तरीके से रख-रखाव किया जा सके।