logo

प्रदर्शन : RRB-NTPC में गड़बड़ी को लेकर बिहार बंद का कैसा रहा प्रभाव, तेजस्वी यादव क्यों हो गए ट्रोल! 

b3cf970a-0baa-485b-91ce-877d254b930f.jpg

पटना: 

आरआरबी-एनटीपीसी परीक्षा परिणाम में गड़बड़ी की शिकायत को लेकर छात्र संगठनों ने बिहार बंद बुलाया था। बंद को राज्य की मुख्य विपक्षी पार्टी, राष्ट्रीय जनता दल, कांग्रेस और लेफ्ट का समर्थन हासिल था। पर दिलचस्प बात ये है कि बंद के दौरान छात्र कम ही सक्रिय दिखे। पूरा का पूरा बिहार बंद राजनीतिक दलों ने हाइजेक कर रखा था। पटना के भिखना पहाड़ी इलाके में राजद कार्यकर्ताओं ने सड़क जाम कर दिया। आगजनी भी की। आवागमन बाधित रहा। 

तेजस्वी की चुप्पी को लेकर हुई ट्रोलिंग
इधर बीते कुछ समय से आरजेडी नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव की चुप्पी को लेकर भी सवाल उठाया जा रहा है। बिहार में सत्तापक्ष के विधायक तेजस्वी यादव की गैरमौजूदगी पर चुटकी ले रहे हैं। हाल ही में उनकी शादी हुई है। कुछ सप्ताह पहले वो पत्नी राजश्री के साथ गरीबों में कंबल बांटते दिखे थे। काफी समय से वो सार्वजनिक मंच पर नहीं दिखे हैं। ऐसे में सत्ता पक्ष के विधायक, गुम हैं किसी के प्यार में..वाला गीत गाकर तंज कस रहे हैं। गौरतलब है कि छात्रों के आंदोलन को लेकर भी तेजस्वी यादव ने कोई बयान नहीं दिया है। इसे लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। 

राजधानी पटना में बंद का ऐसा रहा प्रभाव
इधर बंद का बिहार के अलग-अलग जिलों में प्रभाव दिखा। पटना यूनिवर्सिटी के सामने जाप छात्र संगठन ने प्रदर्शन किया। सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। राजेंद्र नगर टर्मिनल और भिखना पहाड़ी इलाके में कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज की खबर है। पटना के बाढ़ अनुमंडल में भी छात्रों ने हंगामा किया। बाढ़ अनुमंडल के मोकामा, बख्तियारपुर औऱ अथमलगोला स्टेशन पर उपद्रव की आशंका के बीच पुलिस बल को तैनात किया गया। बाढ़ स्टेशन पर कार्यकर्ताओं ने ट्रेन परिचालन को प्रभावित किया। सड़क जाम किया गया। 

खान सर पर प्राथमिकी को लेकर भी प्रदर्शन
इस बीच पटना के चर्चिच खान सर के खिलाफ दर्ज प्राथमिकी को लेकर भी छात्रों ने प्रदर्शन किया। कहा कि, प्रदर्शन या हिंसा के लिए वो किसी भी तरीके से जिम्मेदार नहीं हैं। उनको फंसाया जा रहा है। यदि उनकी गिरफ्तारी होती है तो व्यापक आंदोलन होगा। गौरतलब है कि, गुरुवार देर रात को खान सर ने एक वीडियो जारी किया था। छात्रों से अपील की। 

खान सर ने छात्रों से क्या अपील की, पढ़िये
कहा कि वे किसी भी प्रोटेस्ट में हिस्सा ना लें। रेलवे ने उनकी मांग मान ली है। वन स्टूडेंट वन रिजल्ट जारी किया जायेगा। खान सर ने कहा कि यदि छात्र आंदोलन करते हैं। किसी तरह की हिंसा होती है तो ये बात उनके खिलाफ ही जायेगी। बता दें कि खान सर के सहित कई अन्य कोचिंग संचालकों के खिलाफ पत्रकारनगर थाना में मामला दर्ज किया गया है। 

समस्तीपुर में छात्रों ने ट्रेन परिचालन रोका
इस बीच छात्रों और राजनीतिक दल के कार्यकर्ताओं ने समस्तीपुर में प्रदर्शन किया। बंद के समर्थन में उतरे राजद और आइसा कार्यकर्तां ने समस्तीपुर-पटना मुख्य मार्ग को एसडीओ कार्यालय के पास जाम कर दिया। यातायात कई घंटे ठप्प रहा। सुपौल में भी हंगामा हुआ। कार्यकर्ताओं ने सहरसा से सरायगढ़ जाने वाली पैसेंजर ट्रेन को सुपौल स्टेसन पर रोक दिया। खगड़िया में भी बिहार बंद के समर्थन में प्रदर्शन हुआ। राजेंद्र चौक पर सड़क जाम किया गया।