अंजलि ओझा
‘कांटा लगा गर्ल’ के नाम से मशहूर अभिनेत्री शेफाली जरीवाला (42) का निधन हो गया है। जानकारी के अनुसार, देर रात उन्हें कार्डियक अरेस्ट आया, जिसके कुछ देर बाद उनकी मौत हो गई। शेफाली के पति पराग त्यागी ने बताया कि आधी रात के बाद शेफाली को अचानक कार्डियक अरेस्ट आया और वह बेहोश हो गईं। इसके बाद वे उन्हें रात 12:30 बजे अंधेरी, मुंबई स्थित बेलेव्यू अस्पताल लेकर पहुँचे, लेकिन अस्पताल पहुँचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पत्नी की मौत की खबर से पराग त्यागी और शेफाली की माँ का रो-रोकर बुरा हाल है। इस दुखद खबर से फिल्म और टेलीविजन जगत में शोक की लहर दौड़ गई है। इंडस्ट्री के कलाकारों और फैन्स ने सोशल मीडिया पर श्रद्धांजलि दी है।

कांटा लगा से मिली पहचान, फिर बिग बॉस और नच बलिए तक का सफर
शेफाली जरीवाला को साल 2002 में 'कांटा लगा' गाने में उनके डांस से जबरदस्त लोकप्रियता मिली थी। इसके बाद उन्होंने कई म्यूजिक वीडियोज़ में काम किया। उनके डांस ने उन्हें दर्शकों का चहेता बना दिया। वह बिग बॉस सीज़न-13 का भी हिस्सा रही थीं और डांस रियलिटी शो 'नच बलिए पार्ट-5' में भी प्रतिभागी के रूप में नजर आई थीं। इसके अलावा उन्होंने कुछ म्यूजिक एल्बम्स और फिल्मों में भी काम किया।
गुजरात से ताल्लुक रखने वाली शेफाली के पिता का नाम सतीश जरीवाला और माँ का नाम सुनीता जरीवाला है। वर्ष 2014 में उन्होंने अभिनेता पराग त्यागी से विवाह किया था और इसके बाद फिल्म इंडस्ट्री से दूरी बना ली थी।

पुलिस जांच में जुटी, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतज़ार
शेफाली जरीवाला की मौत को लेकर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। उनका शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। परिजनों से पूछताछ की जा रही है। बताया जा रहा है कि जिस वक्त घटना घटी, उस समय उनके घर में काम करने वाली मेड और कुक भी मौजूद थीं। पुलिस इन दोनों को पूछताछ के लिए अंबोली पुलिस स्टेशन ले गई है।
इनिशियल रिपोर्ट्स के मुताबिक, उनकी मौत कार्डियक अरेस्ट के कारण हुई मानी जा रही है, लेकिन पुलिस सभी एंगल से जांच कर रही है। मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी।
