द फॉलोअप डेस्क, रांचीः
‘कौन बनेगा करोड़पति 18’ का स्पेशल सेलिब्रिटी एपिसोड इस बार हंसी-मजाक और पुराने किस्सों से खास बना रहा। शो में राइटर और कॉमेडियन वरुण ग्रोवर के साथ गौरव कपूर और गौरव गुप्ता हॉट सीट पर पहुंचे। तीनों ने अमिताभ बच्चन के साथ खूब मस्ती की और कई मजेदार किस्से भी साझा किए। गेम के दौरान तिकड़ी ने 12.5 लाख रुपये जीते। ये पूरी रकम मुंबई के ‘आदर्श संस्थान’ को दान कर दी गई। एपिसोड में वरुण ग्रोवर ने अपने कॉलेज के दिनों को याद किया। उन्होंने बताया कि साल 2000 में वो PCO से फोन किया करते थे। उस दौर में फोन की लाइन आसानी से नहीं मिलती थी और कई बार उन्हें काफी देर तक इंतजार करना पड़ता था। गौरव कपूर ने भी उस समय के फोन कॉल से जुड़ा एक मजेदार किस्सा सुनाया। उन्होंने बताया कि तब एक कॉल के लिए करीब 6 रुपये देने पड़ते थे। अगर सामने वाला व्यक्ति धीरे बोलता था, तो बातचीत ज्यादा देर चलती थी और फोन का खर्च भी बढ़ जाता था। उनकी इस बात पर अमिताभ बच्चन समेत पूरा सेट हंसी से गूंज उठा।
.jpeg)
सभी 10 सवालों के दिए सही जवाब, बिग बी ने किया डिनर का वादा
गेम के ‘सुपर संदूक’ राउंड में तीनों सेलिब्रिटीज ने शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने महज 90 सेकंड में पूछे गए सभी 10 सवालों के सही जवाब दिए। इससे पहले अमिताभ बच्चन ने उनसे कहा था कि अगर वे सभी सवालों के सही जवाब देते हैं, तो वह उन्हें अपने घर डिनर पर बुलाएंगे। इसके बाद गौरव कपूर और गौरव गुप्ता ने इसी वादे को लेकर अमिताभ बच्चन की जमकर टांग खींची। दोनों ने मजाकिया अंदाज में बिग बी से डिनर को लेकर सवाल-जवाब किए। अमिताभ बच्चन की फिल्म ‘सूर्यवंशम’ का खीर वाला सीन आज भी दर्शकों के बीच काफी चर्चित है। KBC 18 के इस एपिसोड में भी इसी सीन का जिक्र हुआ। गौरव कपूर और गौरव गुप्ता ने अमिताभ बच्चन से पूछा कि अगर वह उन्हें डिनर पर बुलाएंगे, तो क्या उनके घर खीर भी खाने को मिलेगी। गौरव कपूर ने मजाक करते हुए कहा कि ‘सूर्यवंशम’ देखने के बाद उनके घर में जब भी खीर बनती है, तो सबसे पहले उसे बनाने वाले व्यक्ति को ही चखना पड़ता है। इस मजेदार बात पर अमिताभ बच्चन भी अपनी हंसी नहीं रोक पाए।

अमिताभ बच्चन के साथ खेला ‘कौन बनेगा बनिया’
एपिसोड में गौरव गुप्ता ने अमिताभ बच्चन के साथ ‘कौन बनेगा बनिया’ नाम का एक मजेदार गेम भी खेला। इसमें उन्होंने बिग बी से रोजमर्रा में इस्तेमाल होने वाली चीजों की कीमतों से जुड़े सवाल पूछे। आलू, टमाटर, सरसों के तेल और दाल जैसी चीजों की कीमतों को लेकर हुए इस सवाल-जवाब ने शो का माहौल और भी मजेदार बना दिया। वरुण ग्रोवर, गौरव कपूर और गौरव गुप्ता गेम खेलते हुए 12.5 लाख रुपये के सवाल तक पहुंच गए। उनसे पूछा गया कि बीजिंग के पास मौजूद समर पैलेस से लूट के बाद ब्रिटेन ले जाए गए और बाद में महारानी विक्टोरिया को भेंट किए गए ‘लूटी’ नाम का जानवर कौन सा था। इस सवाल का सही जवाब कुत्ता था। ‘लूटी’ पेकिंगीज नस्ल का कुत्ता था। उसे साल 1860 में हुए दूसरे अफीम युद्ध के दौरान ब्रिटिश सैनिक चीन से ब्रिटेन ले गए थे। बाद में यह कुत्ता महारानी विक्टोरिया को भेंट किया गया था। इस तरह KBC 18 का यह सेलिब्रिटी एपिसोड ज्ञान, पुराने किस्सों और कॉमेडी का मजेदार मिश्रण रहा। वरुण ग्रोवर, गौरव कपूर और गौरव गुप्ता की अमिताभ बच्चन के साथ बातचीत ने शो में खूब रंग जमाया।