logo

'केसरी चैप्टर 2’ विवादों में घिरी, निर्माता-निर्देशक पर FIR, ममता बनर्जी ने किया विरोध

KESRI202.jpg

द फॉलोअप डेस्क 

नई दिल्ली। अक्षय कुमार, आर माधवन और अनन्या कपूर अभिनीत फिल्म ‘केसरी चैप्टर 2’ एक ओर जहां बॉक्स ऑफिस पर सफल मानी गई, वहीं अब यह कानूनी पचड़े में फंस गई है। 18 अप्रैल को रिलीज हुई इस फिल्म का निर्देशन करण सिंह त्यागी ने किया था और इसे हाल ही में OTT पर भी उतारा गया, लेकिन इसके कुछ दृश्यों को लेकर तीखा विवाद खड़ा हो गया है।
फिल्म पर आरोप है कि यह बंगाली क्रांतिकारियों के योगदान को गलत तरीके से दर्शाती है। शिकायत दर्ज होने के बाद भारतीय न्याय संहिता की कई धाराओं में निर्माता-निर्देशक के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। मामला राजनीतिक रंग भी ले चुका है, जिस पर अब मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की तीखी प्रतिक्रिया सामने आई है।

इतिहास से छेड़छाड़ का आरोप, मामला कोर्ट रूम सीन से जुड़ा
मिली रिपोर्ट के अनुसार, पश्चिम बंगाल की सत्ताधारी पार्टी तृणमूल कांग्रेस ने बुधवार को फिल्म के निर्माताओं पर हमला बोलते हुए कहा कि उन्होंने भारत के स्वतंत्रता संग्राम में बंगाल के योगदान को तोड़ा-मरोड़ा है। पार्टी ने इसे बंगाली क्रांतिकारियों का अपमान बताया है।
यह मामला बिधाननगर दक्षिण निवासी रणजीत बिस्वास की शिकायत से शुरू हुआ, जिन्होंने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई कि फिल्म के एक कोर्टरूम सीन में खुदीराम बोस और बरिंद्र कुमार घोष को अमृतसर के ‘खुदीराम सिंह’ और ‘बीरेंद्र कुमार’ के रूप में दिखाया गया है। बिस्वास का कहना है कि यह बंगाल के महान स्वतंत्रता सेनानियों का अपमान है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर बीएनएस की धारा 352, 353 (1)(C) और 353 (2) के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

ममता बनर्जी का BJP पर आरोप, फिल्म का नाम लिए बिना साधा निशाना
रिपोर्ट के मुताबिक, मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने फिल्म का नाम लिए बिना इसकी आलोचना की। उन्होंने आरोप लगाया कि यह जानबूझकर बंगाल के स्वतंत्रता संग्राम के नायकों की भूमिका को कमतर दिखाने की साजिश है। उन्होंने कहा, “बंगाली क्रांतिकारियों की ऐतिहासिक भूमिका को मिटाने की कोशिश की जा रही है। भाजपा बार-बार बंगाल और इसकी सांस्कृतिक विरासत पर हमला करती रही है, जिसे हम बर्दाश्त नहीं करेंगे।” फिलहाल मेकर्स की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है, लेकिन विवाद ने फिल्म के इर्द-गिर्द राजनीतिक और सामाजिक बहस जरूर छेड़ दी है।

Tags - Nationa। News Nationa। News Update Nationa। News।ive Country