द फॉलोअप डेस्क
ओटीटी पर अपनी दमदार परफॉर्मेंस से पहचान बनाने वाले ऋत्विक भौमिक अब फिल्मों में कदम रख रहे हैं। बंदिश बैंडिट्स से दर्शकों के बीच लोकप्रिय हुए ऋत्विक का सिल्वर स्क्रीन डेब्यू होगा फिल्म ‘अभूतपूर्व’ (Abhootpurva) से। नाम की तरह ही फिल्म की जॉनर भी अलग है—रोम-हॉर-कॉम, जिसमें रोमांस, हॉरर और कॉमेडी का अनोखा संगम देखने को मिलेगा।
इसकी कहानी 90 के दशक के आगरा की पृष्ठभूमि पर आधारित है। छोटे शहर की सादगी, पहली मोहब्बत की मासूमियत और अलौकिक ट्विस्ट इसे खास बनाएंगे। साथ ही उस दौर का संगीत फिल्म को नॉस्टैल्जिक टच देगा।
अपनी पहली फिल्म को लेकर ऋत्विक कहते हैं—“यह स्क्रिप्ट पहली बार सुनते ही मेरे दिल को छू गई थी। यह एक खूबसूरत सपना जैसा है, जिसमें प्यार और मासूमियत दोनों हैं। यह वही कहानी है जिसका हिस्सा बनने की मैंने हमेशा तमन्ना की थी।”

फिल्म की निर्माता ख्याति मदान के अनुसार—“अभूतपूर्व मेरे दिल के बेहद करीब है। इसमें 90’s का आगरा, सच्चा प्यार और हल्का-सा सुपरनैचुरल टच है। ऋत्विक के साथ डेब्यू इसे और भी स्पेशल बनाता है।”
फिल्म का निर्देशन और प्रोडक्शन नॉट आउट एंटरटेनमेंट और सुमित कुमार मिश्रा कर रहे हैं। शूटिंग नवंबर 2025 से आगरा में शुरू होगी। द व्हिसलब्लोअर, मॉडर्न लव मुंबई और मजा मा जैसे प्रोजेक्ट्स के बाद ऋत्विक की यह फिल्मी पारी उनके करियर का नया अध्याय मानी जा रही है।
