द फॉलोअप डेस्क, रांची:
झारखंड विधानसभा का 2 दिवसीय विशेष सत्र 25 और 26 नवंबर को होगा। पहले दिन एसआईआर और दूसरे दिन MMDR संशोधन अधिनियम-2026 पर चर्चा की संभावना है। सत्र के अंत में दोनों मुद्दों पर प्रस्ताव पारित कर केंद्र को भेजे जाने की तैयारी है। यह पहली बार नहीं है। अगस्त 2025 में भी विधानसभा ने एसआईआर के विरोध में प्रस्ताव पारित किया था।
कांग्रेस-झामुमो का पक्ष
सत्ता पक्ष में शामिल सभी दलों का कहना है कि एसआईआर मतदाताओं के अधिकारों का सवाल है। झारखंड में प्रवासी मज़दूर, आदिवासी, गरीब और कमज़ोर दस्तावेज़ों वाले लोग ज़्यादा हैं, इसलिए उनके बाहर होने का जोखिम अधिक है। उनकी मांग पारदर्शिता और समय-सीमा बढ़ाने की रही है।

सत्तापक्ष के नेताओं का बयान
झामुमो नेता विनोद पांडे ने कहा कि पार्टी एसआईआर का विरोध नहीं करती, बल्कि उसकी प्रक्रिया और मंशा पर सवाल उठाती है। 2025 में प्रस्ताव पेश करते हुए संसदीय कार्यमंत्री राधाकृष्ण किशोर ने आरोप लगाया था कि एसआईआर का मकसद केंद्र की सत्तारूढ़ पार्टी को फायदा पहुंचाना है। राष्ट्रीय स्तर पर कांग्रेस का दावा है कि चुनाव आयोग के हलफनामे ने "वोट चोरी" पर उठे एक भी सवाल का जवाब नहीं दिया। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सदन में जोरदार तरिके के पक्ष रखने के लिए इंडिया विधायकों के साथ बैठक कर रणनीति बनाई।
आरोप पर भाजपा का पलटवार
विपक्षी पार्टी भाजपा कहती है कि एसआईआर चुनाव आयोग की संवैधानिक प्रक्रिया है, पार्टी का कार्यक्रम नहीं, और इसका विरोध वोट बैंक की राजनीति है। साथ ही घुसपैठ का मुद्दा उठाया जाता है। मुख्य सचेतक नवीन जायसवाल ने कहा कि विशेष सत्र एक "नैरेटिव" का हिस्सा है। अगर किसी गांव में 100 नाम कटे हों, तो उनकी सूची आयोग, उपायुक्त और बीएलओ को दी जाए। उन्होंने यह भी कहा कि झारखंड में प्रक्रिया 90 प्रतिशत पूरी है और अगले महीने सूची जारी होगी।
बाबूलाल मरांडी ने 2025 में आरोप लगाया था कि सरकार "बांग्लादेशी घुसपैठियों और रोहिंग्या" के वोट बैंक को बचाने के लिए विरोध कर रही है। प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू का आरोप है कि मुख्यमंत्री मतदाताओं को गुमराह कर रहे हैं और प्रक्रिया का राजनीतिकरण "अपात्र मतदाताओं" को बचाने के लिए हो रहा है।

SIR पर तथ्य क्या कहते हैं
सुप्रीम कोर्ट ने एसआईआर की संवैधानिक वैधता बरकरार रखी और कहा कि यह स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव की ज़रूरत को आगे बढ़ाती है। साथ ही अदालत ने स्पष्ट किया कि नाम न जुड़ने या हटने का मतलब यह घोषणा नहीं कि व्यक्ति भारतीय नागरिक नहीं है। यानी "एसआईआर अवैध है" वाला तर्क कानूनी रूप से फिलहाल कमज़ोर है, और "इससे नागरिकता छिन जाती है" वाला भी सटीक नहीं।
जो मामले अब भी लंबित हैं।
वैधता तय होने के बाद भी प्रक्रिया के सवाल बाकी हैं: फॉर्म 6, ECINet, निर्वाचन पंजीकरण अधिकारियों की भूमिका, ड्राफ्ट सूची से नाम हटाना और आयोग के निर्णय की प्रक्रिया। राहुल गांधी और इंडिया गठबंधन के नेताओं की याचिकाओं पर सुप्रीम कोर्ट ने 17 नवंबर को सुनवाई के लिए 9 दिसंबर की तारीख तय की। इन्होंने आयोग से 48 सवाल पूछने की अनुमति भी मांगी है, जबकि आयोग ने अपने 248 पन्नों के हलफनामे में आरोपों को "भ्रामक" बताकर याचिकाएं खारिज करने की मांग की है।
झारखंड के आंकड़े क्या कहते हैं!
5 अगस्त को जारी ड्राफ्ट सूची में 43,61,987 नाम हटे। राज्य में कुल 2.64 करोड़ मतदाता थे, यानी करीब 16.5 प्रतिशत। एक रिपोर्ट में 14 लाख से अधिक वोटर "अनमैप्ड" बताए गए। आयोग के अनुसार 6 लाख से अधिक मृत मतदाता पहचाने गए।
विवाद कहां असली है
हटाए गए नामों में कितने मृत, स्थानांतरित या दोहरे नाम थे और कितने वास्तविक पात्र मतदाता, इसका स्वतंत्र, सत्यापित आंकड़ा सार्वजनिक बहस में नहीं है। दोनों पक्ष इसी खाली जगह में अपने दावे रखते हैं। बिहार में भी अदालत ने आयोग को हटाए गए 65 लाख नामों की सूची कारण सहित प्रकाशित करने का निर्देश दिया था, जो पारदर्शिता की मांग को वज़न देता है। दूसरी ओर, भाजपा की "सूची दीजिए" वाली बात भी प्रक्रिया के भीतर दावा-आपत्ति का रास्ता है। दावा-आपत्ति की अंतिम तिथि 30 सितंबर तक बढ़ाई गई थी, जबकि कांग्रेस की समय-सीमा बढ़ाने की मांग पहले मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने ठुकरा दी थी।

"घुसपैठिए" का दावा भ्रामक
इस दावे का कोई प्रमाणित आंकड़ा झारखंड की अब तक की प्रक्रिया से नहीं मिला कि हटे नामों में कितने विदेशी नागरिक हैं। यह राजनीतिक आरोप है, जिसे अदालत या आयोग के आंकड़ों से साबित होना बाकी है। इसी तरह "वोट चोरी" भी अभी आरोप है, जिस पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई चल रही है।
सत्ता और विपक्ष का खेल फलाफल शून्य
25 नवंबर को सदन में पारित प्रस्ताव का स्वरूप और भाजपा की भागीदारी या वॉकआउट। प्रस्ताव का कानूनी असर नहीं होता, यह राजनीतिक संदेश है। दिसंबर में अंतिम मतदाता सूची और उसमें अंतिम रूप से कितने नाम जुड़ते या कटते हैं। 9 दिसंबर की सुप्रीम कोर्ट सुनवाई।
वोटरों के काम की बात
कानून की नज़र में एसआईआर की वैधता तय है, पर उसके अमल की निष्पक्षता पर सवाल अदालत में खुले हैं। आम मतदाता के लिए सबसे व्यावहारिक बात यह है कि वह अपना नाम सूची में जांचे और ज़रूरत हो तो फॉर्म 6 से आवेदन करे