logo

एकतरफा इश्क, सूरत तक पीछा; गिरिडीह डबल मर्डर का खौफनाक सच!

एकतरफा इश्क, सूरत तक पीछा; गिरिडीह डबल मर्डर का खौफनाक सच!

गिरिडीह: 
Girdih News: गिरिडीह जिले के पचम्बा थाना क्षेत्र के खावा गांव में हुए ससुर-बहू के दोहरे हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सोमवार तड़के टांगी से हमला कर शुकर मंडल और उनकी बहू शीला देवी की हत्या करने के आरोपी बासुदेव मंडल को पुलिस ने घटना के महज 12 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, इस हत्याकांड के पीछे एकतरफा प्रेम का मामला सामने आया है। दोहरे हत्याकांड की सूचना मिलते ही गिरिडीह एसपी डॉ। बिमल कुमार ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष छापामार दल का गठन किया। टीम का नेतृत्व डीएसपी आरके राणा कर रहे थे। पुलिस ने आरोपी के संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की। इसी दौरान घटना के 12 घंटे के भीतर मुख्य आरोपी बासुदेव मंडल को गिरफ्तार कर लिया गया।

हत्या के बाद गांव में आक्रोश, विधायक जयराम महतो ने उठाए सवाल
खावा गांव में शुकर मंडल और उनकी बहू शीला देवी की टांगी से हमला कर हत्या किए जाने के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन किया। घटना की जानकारी मिलने पर डुमरी विधायक जयराम महतो भी मौके पर पहुंचे और पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाए। एक ओर गांव में लोगों का विरोध जारी था, वहीं दूसरी ओर पुलिस की अलग-अलग टीमें आरोपी की तलाश में जुटी थीं। आखिरकार पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

एक साल से शीला देवी के पीछे पड़ा था आरोपी, सूरत तक पहुंचकर किया था हमला
मृतका शीला देवी की मां कलावती देवी ने घटना के पीछे की वजह बताते हुए आरोप लगाया कि बासुदेव मंडल पिछले एक साल से उनकी बेटी के पीछे पड़ा था। शीला देवी कई बार उसे डांटकर वहां से जाने को कह चुकी थी, लेकिन वह अपनी हरकतों से बाज नहीं आया। कलावती देवी के अनुसार, आरोपी ने पहले शीला के ससुराल के मकान में आग लगा दी थी। इसके बाद जब शीला अपने पति के पास सूरत चली गई, तो बासुदेव वहां भी पहुंच गया और उस पर चाकू से हमला किया।

दीपावली के आसपास हुआ था समझौता, फिर तड़के घर पहुंचकर की हत्या
कलावती देवी ने बताया कि खावा गांव लौटने के बाद भी बासुदेव मंडल ने शीला को परेशान करना जारी रखा। उसने ससुराल का सामान भी चोरी कर लिया था। इस मामले को लेकर थाना पहुंचने के बाद दीपावली के आसपास दोनों पक्षों के बीच समझौता कराया गया था। लोगों को लगा कि विवाद खत्म हो गया है, लेकिन सोमवार तड़के करीब 3 से 4 बजे बासुदेव फिर शीला के घर पहुंच गया। आरोप है कि घर के बाहर उसने शीला के ससुर शुकर मंडल से विवाद किया और धारदार हथियार से उन पर हमला कर दिया। शुकर मंडल पर हमला होते देख शीला देवी उन्हें बचाने पहुंची, लेकिन आरोपी ने उस पर भी टांगी से ताबड़तोड़ वार कर दिया। हमले में दोनों की मौत हो गई।

आरोपी से गहन पूछताछ कर रही पुलिस : डीएसपी
मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी आरके राणा ने बताया कि ससुर और बहू की हत्या के मामले में मुख्य आरोपी बासुदेव मंडल को गिरफ्तार कर लिया गया है। फिलहाल पुलिस हिरासत में उससे घटना को लेकर गहन पूछताछ की जा रही है।
 

Tags - Giridih CrimeDouble MurderBasudev MandalJharkhand PoliceMurder Case