logo

अंतिम यात्रा के लिए मोक्ष वायज देगी 4 कंधे, अस्थि विसर्जन और श्राद्ध भी कराएगी; पैकेज जानिए!

अंतिम यात्रा के लिए मोक्ष वायज देगी 4 कंधे, अस्थि विसर्जन और श्राद्ध भी कराएगी; पैकेज जानिए!

द फॉलोअप डेस्क:

Moksh Voyage Funeral Services: महानगरों की भागदौड़ भरी जिंदगी में जहां पारिवारिक रिश्तों और सामाजिक जुड़ाव का दायरा सिमटता जा रहा है, वहीं किसी अपने की मृत्यु के बाद अंतिम संस्कार की व्यवस्था करना भी कई परिवारों के लिए मुश्किल बनता जा रहा है। इसी बदलती सामाजिक जरूरत को देखते हुए भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले के हॉल नंबर 7A में Moksh Voyage का स्टॉल लोगों का ध्यान खींच रहा है। यह पहल अंतिम यात्रा से लेकर अंतिम संस्कार और अस्थि विसर्जन तक की व्यवस्थाएं उपलब्ध कराने का दावा करती है। कंपनी के मुताबिक, इस सेवा के लिए अब तक 300 से अधिक लोग पंजीकरण करा चुके हैं। स्टॉल पर पहुंचने वाले लोग इस अनोखी पहल के बारे में जानकारी ले रहे हैं और इसकी जरूरत को लेकर चर्चा भी कर रहे हैं।

वाहन, पंडित से लेकर अस्थि विसर्जन तक की व्यवस्था

नमो गंगे वेलनेस प्राइवेट लिमिटेड की पहल Moksh Voyage दिल्ली-एनसीआर समेत देश के कुछ शहरों में अपनी सेवाएं दे रही है। इसका उद्देश्य किसी परिजन के निधन के बाद शोकाकुल परिवार को अंतिम संस्कार से जुड़ी व्यवस्थाओं की भागदौड़ से राहत देना है। कंपनी के अनुसार, इसकी सेवाओं में पार्थिव शरीर को घर से श्मशान तक ले जाने के लिए विशेष वाहन, अंतिम यात्रा के लिए चार कंधों की व्यवस्था, लकड़ी और अन्य जरूरी सामग्री, पंडित, धार्मिक अनुष्ठान और फूलों की सजावट शामिल हैं। इसके अलावा अस्थि संग्रह से लेकर विसर्जन के लिए नाव और घाट की व्यवस्था भी की जाती है। विदेश में किसी भारतीय की मृत्यु होने पर पार्थिव शरीर को भारत लाने में भी सहायता देने का दावा किया गया है। कंपनी का कहना है कि लावारिस शवों, बेसहारा लोगों और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को सम्मानजनक अंतिम संस्कार के लिए निशुल्क सहयोग भी दिया जाता है।

जीवनकाल में ही करा रहे रजिस्ट्रेशन, 300 से अधिक लोगों ने दिखाई रुचि

Moksh Voyage के निदेशक विश्व कंदर्प के मुताबिक, इस सेवा की एक खास बात यह है कि कुछ लोग अपनी अंतिम विदाई की व्यवस्था जीवनकाल में ही सुनिश्चित कर रहे हैं। उनके अनुसार, कई बुजुर्गों को यह चिंता रहती है कि उनके बच्चे उन पर पर्याप्त ध्यान नहीं देते, इसलिए वे पहले से ही अंतिम संस्कार की व्यवस्था को लेकर पंजीकरण करा रहे हैं। कंपनी का उद्देश्य परिवारों को ऐसी स्थिति में जरूरी इंतजामों की चिंता से बचाना है, जब वे किसी अपने को खोने के दुख से गुजर रहे हों। विदेश में मृत्यु होने पर पार्थिव शरीर को भारत लाने और आगे की धार्मिक प्रक्रियाओं में सहयोग भी इस पहल का हिस्सा है। इस तरह Moksh Voyage का स्टॉल केवल एक नई सेवा की जानकारी नहीं दे रहा, बल्कि महानगरीय जीवन में बदलते पारिवारिक संबंधों और अंतिम संस्कार की व्यवस्थाओं से जुड़ी नई जरूरतों पर भी सवाल खड़े कर रहा है।
 

Tags - Moksh VoyageMoksh Voyage Funeral ServicesIndia International Trade Fair 2026Funeral Services in India