logo

पलामू टाइगर रिजर्व में नए पर्यटन सत्र का भव्य शुभारंभ, किला कमलदह सर्किट भी खुला

पलामू टाइगर रिजर्व में नए पर्यटन सत्र का भव्य शुभारंभ, किला कमलदह सर्किट भी खुला

पलामू:
Plamu News: तीन महीने के मानसून ब्रेक के बाद पलामू टाइगर रिजर्व (Plamu Tiger Researve) के बेतला नेशनल पार्क (Betla National Park) को गुरुवार से पर्यटकों के लिए फिर से खोल दिया गया। इसके साथ ही नए पर्यटन सत्र (New tourism season) और विभिन्न ईको-टूरिज्म स्थलों का औपचारिक शुभारंभ हुआ। उद्घाटन समारोह में चतरा सांसद कालीचरण सिंह, डिप्टी डायरेक्टर (नॉर्थ), प्रभागीय वनाधिकारी समेत वन विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। स्थानीय बच्चियों और ‘बाघ-दीदियों’ ने फीता काटकर पार्क को पर्यटकों के लिए खोला।

किला कमलदह सर्किट शुरू
इस पर्यटन सत्र में पर्यटकों के लिए नया किला कमलदह सर्किट शुरू किया गया है। बाइसन गेट के साथ यह सर्किट केवल ओपन गाइडेड सफारी के माध्यम से संचालित होगा। इससे स्थानीय गाइड, ड्राइवर और सफारी ऑपरेटरों के लिए रोजगार के नए अवसर उपलब्ध होंगे।

सभी ईको-टूरिज्म स्थलों की ऑनलाइन बुकिंग
पलामू टाइगर रिजर्व में नेतरहाट से केचकी तक सभी ईको-टूरिज्म स्थलों और सफारी की बुकिंग अब ऑनलाइन की जा सकेगी। पर्यटक घर बैठे अपनी सफारी और पर्यटन स्थलों की बुकिंग कर सकेंगे।

स्थानीय व्यंजनों को मिलेगा बढ़ावा
पर्यटकों को झारखंड के पारंपरिक खान-पान से जोड़ने के लिए जल्द ही ‘महुआ टपरी’ और किला चेकनाका के समीप स्थानीय व्यंजनों की सुविधा उपलब्ध कराने की तैयारी है।

पूरा पार्क प्लास्टिक मुक्त
नए पर्यटन सत्र में पलामू टाइगर रिजर्व को प्लास्टिक मुक्त क्षेत्र घोषित किया गया है। प्लास्टिक लेकर आने वाले पर्यटकों से कॉशन मनी ली जाएगी, जिसे कचरा नहीं फैलाने की पुष्टि के बाद वापस कर दिया जाएगा। कचरा फैलाने पर जुर्माने के साथ कानूनी कार्रवाई का प्रावधान किया गया है। वहीं, वन्यजीवों को खाना खिलाने पर भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।

सीसीटीवी और क्यूआर असिस्टेंट से सुरक्षा मजबूत
पर्यटकों की सुरक्षा और त्वरित सहायता के लिए पार्क में विभिन्न स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। ‘क्विक क्यूआर असिस्टेंट’ की सुविधा के जरिए पर्यटक क्यूआर कोड स्कैन कर व्हाट्सऐप के माध्यम से सीधे कंट्रोल रूम से संपर्क कर सकेंगे। समस्या, सुझाव या शिकायत की स्थिति में यह सुविधा तत्काल सहायता उपलब्ध कराने में मदद करेगी। वन विभाग ने पर्यटकों से पार्क के नियमों का पालन करने, स्वच्छता बनाए रखने और वन्यजीवों व प्राकृतिक वातावरण के प्रति जिम्मेदार व्यवहार करने की अपील की है। नए पर्यटन सत्र में नई सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्था के साथ पर्यटकों को बेहतर अनुभव देने की तैयारी की गई है।
 

Tags - Betla National ParkPalamau Tiger ReservePlamu NewsJharkhand News