logo

झारखंड में 35 लाख परिवारों को मिला नल कनेक्शन, 27 लाख अब भी वंचित

झारखंड में 35 लाख परिवारों को मिला नल कनेक्शन, 27 लाख अब भी वंचित

द फॉलोअप/ झारखंड: 
Jharkhand News:
हेमंत सोरेन सरकार के दूसरे कार्यकाल के दो वर्ष शनिवार को पूरे हो गए। इस दौरान राज्य सरकार ने ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजलापूर्ति, स्वच्छता और सिंचाई सुविधाओं के विस्तार को प्राथमिकता दी है। जलापूर्ति व्यवस्था को मजबूत करने के लिए नीतिगत और संस्थागत स्तर पर कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए। इनमें जल जीवन मिशन 2.0 का प्रभावी क्रियान्वयन प्रमुख है। इसके लिए 2 जून 2026 को केंद्र सरकार के जल शक्ति मंत्रालय और राज्य सरकार के बीच समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए।

62.50 लाख परिवारों में से 35 लाख को मिला नल कनेक्शन
जल जीवन मिशन के पहले चरण (जेजेएम-1) के तहत झारखंड में अब तक 62,50,861 ग्रामीण परिवारों में से 35,06,267 परिवारों को घरेलू नल कनेक्शन उपलब्ध कराया जा चुका है। यह कुल लक्ष्य का 56.09 प्रतिशत है। यानी राज्य के करीब 27 लाख ग्रामीण परिवार अभी भी नल से जलापूर्ति की सुविधा मिलने का इंतजार कर रहे हैं। राज्य में कुल 97,535 पेयजलापूर्ति योजनाएं स्वीकृत की गई हैं। इनमें से 67,969 योजनाएं यानी 69.68 प्रतिशत पूरी हो चुकी हैं। पूर्ण योजनाओं में से 56,226 योजनाएं (82.72 प्रतिशत) ग्राम जल एवं स्वच्छता समितियों को हस्तांतरित की जा चुकी हैं। राज्य के कुल 29,404 गांवों में से 7,342 गांव शत-प्रतिशत घरेलू नल कनेक्शन से आच्छादित हो चुके हैं। इनमें से 3,458 गांवों में ग्रामसभा के माध्यम से 'हर घर जल' का सत्यापन भी किया जा चुका है। इसके अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए 4,81,933 नलकूप लगाए गए हैं।

पानी की गुणवत्ता जांचने के लिए हर जिले में प्रयोगशाला
पेयजलापूर्ति के साथ सरकार ने पानी की गुणवत्ता की निगरानी पर भी जोर दिया है। राज्य के सभी 24 जिलों में एनएबीएल से मान्यता प्राप्त जल जांच प्रयोगशालाएं कार्यरत हैं। इसके अतिरिक्त पतरातू (रामगढ़), राजमहल (साहेबगंज), नगर उटारी (गढ़वा), बरवाडीह (लातेहार) और ओरमांझी (रांची) समेत छह अवर प्रमंडल स्तरीय प्रयोगशालाओं को भी एनएबीएल की मान्यता मिल चुकी है। ग्रामीण स्तर पर पानी की गुणवत्ता की जांच के लिए जलसहियाओं को फील्ड टेस्ट किट उपलब्ध कराई गई है। इसके माध्यम से वे गांवों में ही पेयजल की गुणवत्ता की जांच कर सकती हैं। हर चार पंचायत पर एक के हिसाब से कुल 1,134 मास्टर जलसहिया का चयन किया गया है। इन्हें नीति, जल गुणवत्ता और ओडीएफ प्लस जैसे विषयों पर प्रशिक्षण दिया गया है।

सौर ऊर्जा से चलेंगी 97 हजार से अधिक जलापूर्ति योजनाएं
ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली पर निर्भरता कम करने और जलापूर्ति व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए सौर ऊर्जा आधारित योजनाओं पर भी काम किया जा रहा है। राज्य में 97,256 सौर ऊर्जा आधारित एकल ग्रामीण जलापूर्ति योजनाओं के माध्यम से लगभग 25 लाख परिवारों को लाभान्वित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अब तक 88,281 सौर पंप लगाए जा चुके हैं।

27 लाख परिवारों को अभी भी नल कनेक्शन का इंतजार
जल जीवन मिशन के क्रियान्वयन में प्रगति के बावजूद कई चुनौतियां बनी हुई हैं। राज्य में स्वीकृत 97,535 पेयजलापूर्ति योजनाओं में से 67,969 यानी 69.68 प्रतिशत योजनाएं ही भौतिक रूप से पूरी हो सकी हैं। इस तरह लगभग 30 प्रतिशत योजनाएं अभी अधूरी हैं। वहीं, 62.50 लाख ग्रामीण परिवारों में से 35.06 लाख परिवारों को ही घरेलू नल कनेक्शन मिला है। शेष करीब 27 लाख परिवारों तक नल से पानी पहुंचाना अभी बाकी है। इसके अलावा योजनाओं की दीर्घकालिक स्थिरता, भूमिगत जल स्रोतों का संरक्षण और पांच वर्ष बाद समितियों द्वारा योजनाओं का संचालन एवं रखरखाव भी बड़ी चुनौती है। इसके लिए ग्राम जल एवं स्वच्छता समितियों और पंचायत प्रतिनिधियों का प्रशिक्षण तथा क्षमता निर्माण जरूरी है।

सिंचाई क्षेत्र में करीब 7.5 प्रतिशत की बढ़ोतरी
हेमंत सोरेन सरकार ने अपने दूसरे कार्यकाल में सिंचाई क्षमता के विस्तार पर भी विशेष ध्यान दिया है। जल संसाधन विभाग के आंकड़ों के मुताबिक वृहद, मध्यम और लघु सिंचाई योजनाओं के माध्यम से खरीफ सिंचाई का क्षेत्रफल वर्ष 2024-25 में 4,16,835 हेक्टेयर था। वर्ष 2025-26 में यह बढ़कर 4,47,960 हेक्टेयर हो गया। इस तरह दो वर्षों में सिंचाई क्षेत्र में करीब 7.5 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। इस अवधि में विभाग के राजस्व में भी बढ़ोतरी हुई है। राज्य की औद्योगिक इकाइयों को जलापूर्ति से मिलने वाला राजस्व 266.67 करोड़ रुपये से बढ़कर 1,049.53 करोड़ रुपये हो गया।

बिहार के साथ सोन नदी जल बंटवारे का विवाद सुलझा
इस अवधि में जल संसाधन विभाग की एक प्रमुख उपलब्धि बिहार और झारखंड के बीच सोन नदी के पानी के बंटवारे को लेकर लंबे समय से चले आ रहे विवाद का निपटारा रहा। दोनों राज्यों के बीच इस संबंध में एक एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए। इसके अलावा पश्चिम बंगाल के साथ लंबे समय से चले आ रहे मयूराक्षी नदी जल बंटवारे के विवाद के समाधान की दिशा में भी पहल की गई।

Tags - Jharkhand NewsJal Jeevan MissionHemant SorenTap WaterIrrigation