logo

AI से अश्लील बनाई जा रहीं लड़कियों की तस्वीरें, रांची में एक सप्ताह में 8 शिकायतें; साइबर थाने पहुंचीं पीड़िताएं

AI से अश्लील बनाई जा रहीं लड़कियों की तस्वीरें, रांची में एक सप्ताह में 8 शिकायतें; साइबर थाने पहुंचीं पीड़िताएं

रांची: 
Ranchi News:
सोशल मीडिया पर अपलोड की गई सामान्य तस्वीरों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से अश्लील बनाकर वायरल करने के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। रांची में पिछले एक सप्ताह के दौरान आठ लड़कियों ने साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। इनमें आदिवासी समाज की नाबालिग बच्चियां और युवतियां भी शामिल हैं। पीड़िताओं का आरोप है कि उनकी सामान्य तस्वीरों को AI की मदद से आपत्तिजनक बनाकर इंस्टाग्राम और फेसबुक पर फर्जी अकाउंट के जरिए प्रसारित किया गया। तस्वीरें फर्जी होने के बावजूद पीड़िताओं को सामाजिक बदनामी और मानसिक प्रताड़ना का सामना करना पड़ रहा है। हालात ऐसे हैं कि कई लड़कियों ने बदनामी के डर से स्कूल-कॉलेज जाना तक छोड़ दिया है। पीड़िताओं का कहना है कि तस्वीरें वायरल होने के बाद परिवार और समाज में उनकी छवि खराब हो रही है। घर में तनाव का माहौल है और उनके लिए बाहर निकलना भी मुश्किल हो गया है। सभी पीड़िताओं की मांग है कि सोशल मीडिया से आपत्तिजनक तस्वीरें तत्काल हटाई जाएं और आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाए।

कमड़े, रातू और चान्हो इलाके की लड़कियों ने दर्ज कराई शिकायत
चान्हो थाना क्षेत्र की दो लड़कियों ने 22 नवंबर और रातू थाना क्षेत्र की तीन लड़कियों ने 24 नवंबर को साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पीड़िताओं के अनुसार, 20 नवंबर को उन्हें जानकारी मिली कि इंस्टाग्राम और फेसबुक पर उनके नाम से जुड़े अकाउंट के माध्यम से उनकी निजी तस्वीरें अपलोड की गई हैं। आरोप है कि इन तस्वीरों को AI की मदद से एडिट कर अश्लील रूप दिया गया है। इस मामले में पीड़िताओं ने अलग-अलग आवेदन देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने और सोशल मीडिया से आपत्तिजनक तस्वीरें हटाने की मांग की है। उनका कहना है कि इस तरह की हरकतों से उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंच रहा है और उन्हें लगातार मानसिक परेशानी झेलनी पड़ रही है।

परिवार में तनाव, मानसिक दबाव से गुजर रही हैं पीड़िताएं
पीड़िताओं ने अपने आवेदन में बताया है कि तस्वीरें वायरल होने के कारण गांव और समाज में उनकी बदनामी हो रही है। इसका असर उनके पारिवारिक जीवन पर भी पड़ रहा है। घर में तनाव और अनबन की स्थिति बनी हुई है। वहीं, सामाजिक बदनामी के डर से घर से बाहर निकलना भी मुश्किल हो गया है। इस साइबर प्रताड़ना की शिकार नाबालिग लड़कियां भी हैं। पीड़िताएं मानसिक तनाव और अवसाद से गुजर रही हैं। उन्होंने पुलिस से मामले की तकनीकी जांच कर आरोपियों की पहचान करने और भारतीय न्याय संहिता (BNS) व सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम (IT Act) के तहत कार्रवाई करने की मांग की है।

लड़कियां सोशल मीडिया प्रोफाइल रखें प्राइवेट: मुकेश चौधरी
साइबर एक्सपर्ट मुकेश चौधरी के अनुसार, इस तरह के साइबर अपराधों पर पूरी तरह रोक लगाना मुश्किल है, लेकिन सतर्कता बरतकर इनके जोखिम को कम किया जा सकता है। लड़कियों को अपने सोशल मीडिया अकाउंट की प्राइवेसी का विशेष ध्यान रखना चाहिए। अपनी प्रोफाइल प्राइवेट रखनी चाहिए, ताकि तस्वीरों और निजी जानकारियों का दुरुपयोग होने की आशंका कम हो। उन्होंने कहा कि यदि कोई लड़की इस तरह की साइबर प्रताड़ना का शिकार होती है, तो उसे डरने या चुप रहने के बजाय साक्ष्य और जरूरी विवरण के साथ तत्काल थाने या साइबर थाने में शिकायत दर्ज करानी चाहिए। पुलिस सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से आपत्तिजनक तस्वीरें हटाने और फर्जी अकाउंट पर कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू करा सकती है। जागरूकता और समय पर शिकायत करना ही इससे बचाव का प्रभावी तरीका है।

तस्वीरें हटाने के लिए सीआईडी को भेजा गया आवेदन: प्रदीप कुमार
साइबर डीएसपी प्रदीप कुमार ने बताया कि लड़कियों के आवेदन ले लिए गए हैं। आपत्तिजनक तस्वीरें डिलीट कराने के लिए आवेदन सीआईडी को भेजा गया है। उन्होंने कहा कि अभी आईपीडीआर नहीं आया है। इसमें दो से तीन दिन लग सकते हैं। यह मामला मेटा और फेसबुक से जुड़ा है, इसलिए उनके स्तर पर सीधे कुछ करना संभव नहीं है। हालांकि, जल्द से जल्द तस्वीरें हटवाने का प्रयास किया जा रहा है।
 

Tags - Ranchi cyber crimeAI deepfake casesocial media abusefake account caseJharkhand police