logo

झारखंड में बढ़ेगी कनकनी, अगले 2 दिनों में 3 डिग्री तक गिर सकता है पारा

झारखंड में बढ़ेगी कनकनी, अगले 2 दिनों में 3 डिग्री तक गिर सकता है पारा

रांची: 
Jharkhand Weather Update:
झारखंड में इस बार ठंड का असर धीरे-धीरे तेज होने लगा है। राजधानी रांची समेत राज्य के विभिन्न जिलों में सुबह और रात के समय कनकनी बढ़ रही है। मौसम विज्ञान केंद्र, रांची के पूर्वानुमान के अनुसार, अगले दो दिनों के दौरान राज्य के न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट होने की संभावना है। इससे नवंबर के आखिरी दिनों में ठंड और बढ़ेगी। हालांकि, दिन में आसमान साफ रहने और धूप निकलने से लोगों को कुछ राहत मिलेगी। मौसम विभाग ने फिलहाल राज्य में बारिश की कोई संभावना नहीं जतायी है। ऐसे में आने वाले दिनों में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने का अनुमान है।

अगले दो दिनों में 2 से 3 डिग्री तक गिरेगा तापमान
मौसम विभाग के अनुसार, पूरे राज्य में अगले दो दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट हो सकती है। इसके बाद अगले तीन दिनों तक न्यूनतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। वहीं, अगले पांच दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में भी कोई बड़ा बदलाव होने का अनुमान नहीं है। मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के अनुसार, 3 दिसंबर तक राज्य में अधिकतम और न्यूनतम दोनों तापमान सामान्य से कम रहने की संभावना है। इस दौरान अधिकतम तापमान 23 से 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 7 से 15 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। इसके बाद 4 से 10 दिसंबर तक अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक रहने का अनुमान है।

सुबह कोहरा, दिन में निकलेगी धूप
27 नवंबर से 2 दिसंबर तक राज्य के कई जिलों में सुबह के समय हल्के से मध्यम दर्जे का कोहरा छाये रहने की संभावना है। शुक्रवार सुबह भी राजधानी रांची समेत आसपास के इलाकों में हल्का कोहरा देखने को मिल सकता है। हालांकि, दिन चढ़ने के साथ आसमान साफ होगा और धूप निकलेगी। इससे दोपहर में लोगों को ठंड से थोड़ी राहत मिलेगी। लेकिन सूरज ढलने के बाद तापमान में गिरावट के कारण सुबह और रात के समय ठिठुरन बढ़ेगी। मौसम विभाग के अनुसार, 27 नवंबर से 10 दिसंबर तक राज्य में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। इस दौरान बारिश की कोई संभावना नहीं है।

पिछले 24 घंटे में लातेहार सबसे ठंडा, कोडरमा में सबसे अधिक तापमान
पिछले 24 घंटे के मौसम पर नजर डालें, तो राज्य के कई जिलों में तापमान में गिरावट दर्ज की गयी है। राजधानी रांची का अधिकतम तापमान 0.7 डिग्री सेल्सियस गिरकर 24 डिग्री पर पहुंच गया, जबकि न्यूनतम तापमान में 0.8 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गयी। यहां न्यूनतम तापमान 12.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मेदिनीनगर के न्यूनतम तापमान में 2.9 डिग्री और अधिकतम तापमान में 0.1 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गयी। वहीं, जमशेदपुर के अधिकतम और न्यूनतम तापमान में भी 2.6 डिग्री सेल्सियस की कमी दर्ज की गयी। इस दौरान लातेहार राज्य का सबसे ठंडा जिला रहा। यहां न्यूनतम तापमान 8.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, अधिकतम तापमान के मामले में कोडरमा सबसे आगे रहा, जहां पारा 30.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

28 नवंबर को किस जिले में कितना रहेगा तापमान?
मौसम विभाग के 28 नवंबर के पूर्वानुमान के मुताबिक, राज्य के अलग-अलग जिलों के अधिकतम और न्यूनतम तापमान में अंतर देखने को मिलेगा। देवघर, धनबाद और गिरिडीह में अधिकतम तापमान 25 डिग्री और न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। कोडरमा में अधिकतम तापमान 23 और न्यूनतम 10 डिग्री, लातेहार में अधिकतम 22 और न्यूनतम 8 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। वहीं, बोकारो में अधिकतम तापमान 25 और न्यूनतम 11 डिग्री, रांची में अधिकतम 23 और न्यूनतम 11 डिग्री, खूंटी में अधिकतम 23 और न्यूनतम 12 डिग्री तथा गुमला में अधिकतम 23 और न्यूनतम 9 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान जताया गया है।

3 दिसंबर तक सामान्य से कम रहेगा तापमान
मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के अनुसार, नवंबर के आखिरी दिनों में राजधानी रांची का मौसम सामान्य रहने की संभावना है। 28 और 29 नवंबर को हल्के से मध्यम दर्जे का कुहासा छाया रह सकता है। इस दौरान अधिकतम तापमान 23 डिग्री और न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। वहीं, राज्य में 3 दिसंबर तक अधिकतम और न्यूनतम दोनों तापमान सामान्य से कम रह सकते हैं। इसके बाद 4 से 10 दिसंबर के बीच अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी होने की संभावना है।

ठंड और कोहरे को देखते हुए बरतें सावधानी
तापमान में लगातार गिरावट के कारण सुबह और शाम ठंड का असर बढ़ेगा। ऐसे में लोगों को सुबह जल्दी और देर शाम घर से बाहर निकलते समय गर्म कपड़े पहनने की सलाह दी जाती है। वहीं, सुबह कोहरे के दौरान वाहन चलाने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। कम दृश्यता के कारण सड़क पर दुर्घटना की आशंका बढ़ सकती है। ऐसे में वाहन चलाते समय गति नियंत्रित रखें और मौसम के बदलते मिजाज को देखते हुए ठंड से बचाव का ध्यान रखें।

Tags - Jharkhand WeatherRanchi WeatherCold WaveWinter ForecastTemperature Drop