logo

चक्रवात अर्नब आंध्र तट से टकराएगा, झारखंड समेत 9 जिलों में आंधी–बारिश का अलर्ट

चक्रवात अर्नब आंध्र तट से टकराएगा, झारखंड समेत 9 जिलों में आंधी–बारिश का अलर्ट

झारखंड/वेदर:
Jharkhand Weather Update:
झारखंड में चक्रवात ‘अर्नब’ (Arnab) के प्रभाव को देखते हुए मौसम विभाग (Meteorological Department) ने 27 से 29 अक्टूबर तक कई इलाकों में वज्रपात, गरज-चमक और तेज हवाओं को लेकर यलो अलर्ट (Yellow Alert) जारी किया है। इस दौरान हवा की गति 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे रहने की संभावना है। कुछ स्थानों पर यह 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। रांची, बोकारो, हजारीबाग, धनबाद, जामताड़ा, दुमका और कोल्हान क्षेत्र के जिलों में मौसम बिगड़ने का अनुमान है। 30 और 31 अक्टूबर के लिए भी चेतावनी जारी की गई है।

आंधी-बारिश से निपटने के लिए बिजली विभाग तैयार
मौसम की संभावित स्थिति को देखते हुए संबंधित विभागों ने तैयारियां तेज कर दी हैं। झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड (जेबीवीएनएल) के रांची अंचल में हाई अलर्ट जारी किया गया है। अधीक्षण अभियंता डीएन साहू ने बताया कि आंधी और बारिश से बिजली व्यवस्था को नुकसान पहुंचने की स्थिति में आपूर्ति बहाल करने के लिए ट्रांसफॉर्मर और बिजली के खंभों का अतिरिक्त स्टॉक रखा गया है। कई बिजलीकर्मियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं। साथ ही, जरूरत पड़ने पर इस्तेमाल के लिए चलित ट्रांसफॉर्मर भी तैनात रहेंगे।

बंगाल की खाड़ी में चक्रवात में बदला गहरा दबाव
बंगाल की खाड़ी में बना गहरा दबाव सोमवार को चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ में तब्दील हो गया। इसके 27 अक्टूबर तक भीषण चक्रवाती तूफान का रूप लेने और 28 अक्टूबर को आंध्र प्रदेश के तट से टकराने की आशंका है। संभावित खतरे को देखते हुए झारखंड समेत आंध्र प्रदेश, ओडिशा, तेलंगाना, बिहार, छत्तीसगढ़ और पूर्वी उत्तर प्रदेश सहित नौ राज्यों में अलर्ट जारी किया गया है। पुडुचेरी में भी एहतियात के तौर पर सतर्कता बढ़ा दी गई है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के मुताबिक, सोमवार सुबह 5:30 बजे चक्रवात बंगाल की खाड़ी के मध्य-पूर्वी और उससे सटे मध्य-पश्चिमी हिस्से में केंद्रित था। पिछले छह घंटों में यह 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से पश्चिम दिशा की ओर बढ़ा।

ओडिशा और छत्तीसगढ़ में अत्यधिक भारी बारिश का अनुमान
चक्रवात के प्रभाव से 27 और 28 अक्टूबर को ओडिशा के कुछ इलाकों में अत्यधिक भारी बारिश होने का अनुमान है। वहीं, छत्तीसगढ़ में 28 और 29 अक्टूबर को कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश हो सकती है। तेलंगाना में 28 अक्टूबर, जबकि बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश में 29 और 30 अक्टूबर को भारी बारिश की संभावना जताई गई है। पूर्वी मध्य प्रदेश में भी 29 अक्टूबर को कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है।

ओडिशा के छह जिलों में पर्यटकों की आवाजाही पर रोक
चक्रवात के खतरे को देखते हुए ओडिशा सरकार ने समुद्र में मछली पकड़ने पर प्रतिबंध लगा दिया है। इसके अलावा राज्य के छह जिलों में पहाड़ियों, झरनों और बांधों पर पर्यटकों के जाने पर रोक लगाई गई है। प्रशासन की ओर से एहतियाती कदम उठाए जा रहे हैं।

दिल्ली में बुधवार के बाद बदल सकता है मौसम
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में बुधवार के बाद मौसम में बदलाव की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, गुरुवार और शुक्रवार को पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव देखने को मिल सकता है। इस दौरान आसमान में बादल छाने और बूंदाबांदी होने के आसार हैं।

Tags - Cyclone ArnabJharkhand WeatherIMD AlertHeavy RainWeather Update