द फॉलोअप/झारखंड:
Jharkhand Weather Update: झारखंड में ठंड का असर धीरे-धीरे बढ़ने लगा है। राजधानी रांची में पिछले 24 घंटे के दौरान न्यूनतम तापमान में 2.4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। इससे सुबह और रात के समय ठंड का एहसास बढ़ गया है। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले तीन दिनों में रांची का न्यूनतम तापमान और गिरकर 11 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। इससे सुबह और रात में कनकनी बढ़ने के आसार हैं। हालांकि, दिन में आसमान साफ रहने और धूप निकलने से लोगों को राहत मिलेगी। मौसम विभाग ने फिलहाल राज्य में बारिश की कोई संभावना नहीं जताई है।
रांची का न्यूनतम तापमान 13.2 डिग्री पर पहुंचा
मंगलवार को राजधानी रांची का न्यूनतम तापमान 13.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। पिछले 24 घंटे की तुलना में इसमें 2.4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। वहीं, अधिकतम तापमान में भी एक डिग्री सेल्सियस की कमी आई है। यह घटकर 24.7 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। तापमान में लगातार गिरावट के कारण सुबह और रात के समय ठंड बढ़ने लगी है। इसका असर खासकर सुबह जल्दी घर से निकलने वाले लोगों पर पड़ रहा है।
अगले तीन दिनों में और गिरेगा पारा
मौसम विभाग के अनुसार, अगले तीन दिनों तक न्यूनतम तापमान में गिरावट का सिलसिला जारी रह सकता है। इस दौरान रांची का पारा गिरकर 11 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है। इसके बाद अगले दो दिनों तक तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। अधिकतम तापमान भी लगभग स्थिर रह सकता है। रात में तापमान कम रहने से ठंड का असर अधिक महसूस होगा।
सुबह कुहासा, दिन में खिलेगी धूप
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, सुबह के समय हल्के से मध्यम दर्जे का कुहासा छाया रह सकता है। हालांकि, दिन चढ़ने के साथ कुहासा छंट जाएगा और आसमान साफ रहेगा। धूप निकलने से दिन के समय मौसम सामान्य बना रहेगा। वहीं, सुबह और देर शाम घर से बाहर निकलने वाले लोगों को ठंड का सामना करना पड़ सकता है।
28 और 29 नवंबर को भी छाया रहेगा कुहासा
मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के अनुसार, नवंबर के आखिरी दिनों में राजधानी का मौसम सामान्य रहने की संभावना है। 28 और 29 नवंबर को सुबह के समय हल्के से मध्यम दर्जे का कुहासा छाया रह सकता है। इस दौरान अधिकतम तापमान 23 डिग्री और न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। दिन में आसमान साफ रहेगा और मौसम शुष्क बना रहेगा। फिलहाल बारिश को लेकर कोई पूर्वानुमान नहीं है। ऐसे में नवंबर के अंतिम दिनों में रांची में सुबह और शाम ठंड तथा कुहासे का असर देखने को मिलेगा, जबकि दोपहर में धूप निकलने से लोगों को राहत मिलेगी।