द फॉलोअप डेस्क, रांचीः
झारखंड विधानसभा के विशेष सत्र के दूसरे और आखिरी दिन गुरुवार को सदन की कार्यवाही शुरू होने से पहले भाजपा और आजसू के विधायकों ने विधानसभा के मुख्य गेट के बाहर प्रदर्शन किया। विधायक हाथों में सरकार विरोधी नारे लिखी तख्तियां लेकर धरने पर बैठ गये। प्रदर्शन के दौरान विधायकों ने हेमंत सोरेन सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। आजसू विधायक तिवारी महतो भी प्रदर्शन में शामिल रहे। विधायकों ने विभिन्न मुद्दों को लेकर सरकार को घेरने की कोशिश की।

खनिज संपदा की लूट और क्षेत्रीय हिस्सेदारी का उठाया मुद्दा
प्रदर्शन कर रहे विधायकों की तख्तियों पर राज्य में बालू, कोयला, पत्थर और खनिजों की कथित लूट बंद करने की मांग लिखी थी। एक तख्ती पर 'जिस क्षेत्र से जितना राजस्व, उस क्षेत्र की उतनी हिस्सेदारी' का नारा दिया गया था, जबकि दूसरी पर 'राज्य में खनिजों की लूट बंद हो' लिखा था। इसके अलावा विधायकों ने छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ बंद करने की मांग भी उठायी। प्रदर्शन के जरिए उन्होंने खनिज संपदा से मिलने वाले राजस्व में संबंधित क्षेत्रों की हिस्सेदारी सुनिश्चित करने का मुद्दा उठाया।

पत्रकारों पर हमले और कानून-व्यवस्था को लेकर सरकार पर निशाना
विधायकों ने राज्य में कानून-व्यवस्था और पत्रकारों की सुरक्षा का मुद्दा भी उठाया। उनकी तख्तियों पर 'पत्रकारों पर हमला बंद करो, लोकतंत्र का सम्मान करो' और 'दुष्कर्मियों, हत्यारों के संरक्षक हेमंत सरकार हाय-हाय' जैसे नारे लिखे थे। एक अन्य तख्ती के जरिए पिछले सात वर्षों में हत्या, लूट और बलात्कार की घटनाओं को लेकर सरकार पर निशाना साधा गया। वहीं, वृद्धा और दिव्यांग पेंशन से जुड़े मुद्दे को भी प्रदर्शन में शामिल किया गया।