logo

MMDR पर सदन में बोलीं कल्पना सोरेन- झारखंड कोई उपनिवेश नहीं है

MMDR पर सदन में बोलीं कल्पना सोरेन- झारखंड कोई उपनिवेश नहीं है

रांची: 
Jharkhand Assembly News:
झारखंड विधानसभा के दो दिवसीय विशेष सत्र के दौरान गुरुवार को विधायक कल्पना मुर्मू सोरेन ने खनिज अधिकारों और राज्य के वित्तीय हितों का मुद्दा उठाया। संविधान दिवस के अवसर पर सदन को संबोधित करते हुए उन्होंने केंद्र सरकार के MMDR संशोधन अधिनियम 2026 पर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि झारखंड देश के विकास में बराबर का भागीदार है, लेकिन खनिज संपदा से समृद्ध होने के बावजूद राज्य को अपने अधिकारों के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि झारखंड कोई उपनिवेश नहीं है, जिसका इस्तेमाल केवल संसाधनों के दोहन के लिए किया जाए।

खनिज संपदा पर राज्यों के अधिकार सीमित करने का आरोप
कल्पना सोरेन ने कहा कि 25 जुलाई 2024 को सुप्रीम कोर्ट की नौ न्यायाधीशों की संविधान पीठ ने खनिज युक्त भूमि पर राज्यों के कराधान अधिकारों को मान्यता दी थी। झारखंड ने इसी फैसले के अनुरूप खनिज वहन भूमि उपकर से संबंधित कानून बनाया था। लेकिन केंद्र सरकार के MMDR संशोधन अधिनियम 2026 के जरिए खनिज युक्त भूमि पर कर और उपकर लगाने की राज्य की शक्ति को केंद्र द्वारा निर्धारित शर्तों के अधीन कर दिया गया है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब सुप्रीम कोर्ट ने राज्यों के संवैधानिक अधिकारों को मान्यता दी है, तो केंद्र सरकार उन अधिकारों को सीमित करने की व्यवस्था क्यों लेकर आई है? क्या झारखंड, ओडिशा और छत्तीसगढ़ जैसे खनिज उत्पादक राज्यों से इस संबंध में पर्याप्त परामर्श किया गया था?

10 साल में एक लाख करोड़ रुपये से अधिक के राजस्व नुकसान का अनुमान
अपने संबोधन में कल्पना सोरेन ने खनिज राजस्व से होने वाले संभावित नुकसान का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि राज्य के वित्तीय आकलन के अनुसार, खनिज वहन भूमि उपकर से प्रतिवर्ष लगभग 15 हजार करोड़ रुपये की आय का अनुमान था। आने वाले 10 वर्षों में झारखंड में लगभग 2100 मिलियन टन खनिजों के खनन का अनुमान है। उन्होंने सदन में बताया कि यदि राज्यों के कराधान संबंधी अधिकार पहले की तरह बने रहते, तो इस अवधि में झारखंड को लगभग 2 लाख 56 हजार करोड़ रुपये का खनिज राजस्व मिल सकता था। हालांकि, संशोधित व्यवस्था के तहत यह संभावित आय घटकर करीब 1 लाख करोड़ रुपये रह जाने का अनुमान है। उनके मुताबिक, इससे अगले 10 वर्षों में झारखंड को एक लाख करोड़ रुपये से अधिक के संभावित राजस्व नुकसान का सामना करना पड़ सकता है।

खनन का बोझ झारखंड उठाता है, फायदा पूरे देश को मिलता है
कल्पना सोरेन ने कहा कि झारखंड की धरती से निकलने वाले कोयले, लौह अयस्क और अन्य खनिजों का इस्तेमाल देश के औद्योगिक विकास में होता है, लेकिन खनन का सामाजिक और पर्यावरणीय प्रभाव स्थानीय लोगों को झेलना पड़ता है। धनबाद, साहिबगंज, पाकुड़, बोकारो, हजारीबाग और पश्चिमी सिंहभूम जैसे जिलों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि खनन के कारण स्थानीय लोगों को विस्थापन, प्रदूषण और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ता है। उन्होंने सदन में बताया कि विभागीय आकलनों के अनुसार कोयला कंपनियों के पास झारखंड की लगभग 42 हजार एकड़ वन भूमि, 95 हजार एकड़ रैयती भूमि और 66 हजार एकड़ सरकारी गैर-वन भूमि है। उन्होंने सवाल उठाया कि इन जमीनों से जुड़े परिवारों को कितना मुआवजा, रोजगार और पुनर्वास मिला है, इस पर भी गंभीर चर्चा होनी चाहिए।

अबुआ आवास और मंईयां सम्मान योजना का किया जिक्र
अपने भाषण में कल्पना सोरेन ने राज्य सरकार की योजनाओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि अबुआ आवास योजना, सर्वजन पेंशन योजना, पुरानी पेंशन व्यवस्था की बहाली और मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना जैसी पहलों के लिए राज्य को पर्याप्त वित्तीय संसाधनों की जरूरत है। उन्होंने कहा कि राज्य के संसाधनों पर असर पड़ने से सबसे ज्यादा नुकसान गरीबों, महिलाओं, बुजुर्गों, विद्यार्थियों और कमजोर वर्गों को होगा। इसका प्रभाव शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और ग्रामीण क्षेत्रों के विकास पर भी पड़ सकता है।

सत्ता पक्ष और विपक्ष से एकजुट होने की अपील
कल्पना सोरेन ने कहा कि झारखंड के अधिकारों का सवाल किसी एक राजनीतिक दल का मुद्दा नहीं है। उन्होंने सत्ता पक्ष और विपक्ष के सभी विधायकों से इस विषय पर एकजुट होकर राज्य का पक्ष रखने की अपील की। उन्होंने कहा, "झारखंड भारत का अभिन्न हिस्सा है। झारखंड कोई उपनिवेश नहीं है कि जिसका केवल संसाधनों के लिए दोहन किया जाए। हमारा राज्य देश के विकास में बराबर का भागीदार है।" अपने संबोधन के अंत में उन्होंने कहा कि झारखंड विकास का विरोधी नहीं है, बल्कि चाहता है कि देश की प्रगति में राज्य भी सम्मान और बराबरी के साथ आगे बढ़े। राज्य अपने संवैधानिक और वित्तीय अधिकारों की रक्षा के लिए लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष करता रहेगा।

Tags - Kalpana SorenMMDR Amendment 2026Jharkhand AssemblyMineral RevenueMining Rights