logo

रांची DC और SSP ने छठ घाट का किया निरीक्षण, महिला पुलिस और ड्रोन से होगी निगरानी

chhath_ghat.jpg

द फॉलोअप डेस्क
रांची में महापर्व छठ पूजा की तैयारियां जोर- शोर से शुरू हो चुकी है। वहीं श्रद्धा और आस्था के इस पर्व को लेकर जिला प्रशासन भी पूरी तरह से सक्रिय दिख रही है। इसी क्रम में बुधवार को रांची उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री और एसएसपी राकेश रंजन ने शहर के कई प्रमुख छठ घाटों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने कांके डैम और राजभवन के समीप स्थित हटानिया तालाब का विशेष रूप से जायजा लेने पहुंचे।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने नगर निगम के अधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों को कई दिशा-निर्देश दिए और कहा कि "नगर निगम छठ घाटों के पूर्ण प्रबंधन की जिम्मेदारी उठाए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो। सभी घाटों पर साफ-सफाई, पेयजल, लाइटिंग, अस्थायी शौचालय और चेंजिंग रूम की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।" वहीं उन्होंने कहा "छठ पूजा श्रद्धा, आस्था और स्वच्छता का प्रतीक है। ऐसे में साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है। पूजा शुरू होने से पहले सभी घाटों की सफाई पूरी कर ली जाए और गंदगी या जलभराव की स्थिति नहीं रहने दी जाए।"
मौके पर एसएसपी राकेश रंजन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा की। उन्होंने कहा कि छठ पूजा के दौरान महिला की सुरक्षा भी प्रशासन की प्राथमिकता है। श्रद्धालु महिलाएं और बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल, महिला पुलिसकर्मी और होमगार्ड की तैनाती की जाएगी। इसके साथ ही भीड़ नियंत्रण के लिए बैरिकेडिंग और निगरानी के विशेष इंतजाम किए जायेंगे। एसएसपी ने बताया कि सभी मुख्य घाटों पर ट्रैफिक पुलिस की तैनाती की जाएगी ताकि आवाजाही में किसी तरह की परेशानी न हो। वाहनों के लिए वैकल्पिक रूट और पार्किंग की भी व्यवस्था की जा रही है। इसके साथ ही ड्रोन की मदद से भीड़ की निगरानी की जाएगी।
 

Tags - jharkhand news jharkhand latest news jharkhand khabar ranchi news ranchi khabar ranchi chhath ghat news ranchi DC news ranchi SSP news