रांची:
Jharkhand News: झारखंड में वन, वन्यजीव और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से ‘अरण्यक झारखंड फॉरेस्ट फिल्म फेस्टिवल-2026’ का आयोजन किया जाएगा। वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग, झारखंड सरकार की ओर से आयोजित यह तीन दिवसीय फिल्म महोत्सव 28 से 30 नवंबर 2026 तक चलेगा। इसमें सिनेमा के माध्यम से प्रकृति और पर्यावरण संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। फिल्म फेस्टिवल के रोडमैप को लेकर आयोजित चर्चा में प्रधान मुख्य वन संरक्षक सह वन बल प्रमुख, झारखंड संजीव कुमार, प्रधान मुख्य वन संरक्षक सह कार्यकारी निदेशक बंजर भूमि विकास बोर्ड एटी मिश्रा और प्रधान मुख्य वन संरक्षक वन्य प्राणी झारखंड रवि रंजन उपस्थित थे। इस दौरान महोत्सव के आयोजन और कार्यक्रमों की रूपरेखा पर चर्चा की गई।
तीनों दिन सुबह 9 से रात 8 बजे तक दिखाई जाएंगी फिल्में
प्रधान मुख्य वन संरक्षक सह वन बल प्रमुख झारखंड श्री संजीव कुमार ने बताया कि यह तीन दिवसीय फिल्म महोत्सव प्रकृति, वन, वन्यजीव और सिनेमा के समन्वय का विशेष आयोजन है। महोत्सव के तीनों दिन सुबह 9 बजे से रात 8 बजे तक विभिन्न विषयों पर आधारित फिल्मों का प्रदर्शन किया जाएगा। इसके जरिए लोगों को वन एवं वन्यजीव संरक्षण, जैव विविधता, पर्यावरणीय चुनौतियों और प्रकृति के महत्व से परिचित कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय फिल्मों के इस फेस्टिवल से फिल्म निर्माताओं को प्रोत्साहन मिलेगा और उन्हें नई जानकारियां सीखने का अवसर प्राप्त होगा।
रांची के दो स्थानों पर होगा आयोजन
इस फिल्म महोत्सव का आयोजन रांची के पलाश ऑडिटोरियम, वन भवन, डोरंडा और शौर्य सभागार, JAP-1 मुख्यालय में किया जाएगा। तीन दिनों तक यहां फिल्म प्रदर्शन के साथ-साथ विभिन्न विषयों पर चर्चा, सम्मेलन और प्रदर्शनी जैसे कार्यक्रम आयोजित होंगे। महोत्सव के पहले दिन यानी 28 नवंबर को उद्घाटन एवं शुभारंभ कार्यक्रम होगा। इसके बाद चयनित फिल्मों का प्रदर्शन किया जाएगा। साथ ही वन्यजीव एवं संरक्षण सत्र, फिल्म निर्माताओं के साथ संवाद और पेंटिंग एवं प्रकृति फोटोग्राफी प्रदर्शनी का आयोजन होगा।
दूसरे दिन फिल्म प्रतियोगिता और विशेषज्ञों के साथ चर्चा
29 नवंबर को महोत्सव के दूसरे दिन सिनेमा एवं संरक्षण विषय पर कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके अलावा फिल्म प्रतियोगिता, चयनित फिल्मों का प्रदर्शन, वन्यजीव एवं संरक्षण सम्मेलन तथा विशेषज्ञों के साथ विचार-विमर्श होगा। विद्यार्थियों और युवाओं के लिए भी विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
30 नवंबर को पुरस्कार वितरण के साथ होगा समापन
महोत्सव के अंतिम दिन 30 नवंबर को विशेष एवं चयनित फिल्मों का प्रदर्शन किया जाएगा। इसके साथ वन्यजीव एवं संरक्षण सत्र और विशेषज्ञों के साथ संवाद कार्यक्रम होगा। वहीं, पुरस्कार वितरण समारोह के साथ तीन दिवसीय फिल्म महोत्सव का समापन किया जाएगा। संजीव कुमार ने फिल्मकारों, पर्यावरणविदों, विद्यार्थियों, युवाओं, प्रकृति एवं वन्यजीव प्रेमियों और आम नागरिकों से इस फिल्म महोत्सव में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है। उन्होंने कहा कि सिनेमा जन-जागरूकता का प्रभावी माध्यम है। इसके जरिए प्रकृति और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े संदेश को व्यापक स्तर पर लोगों तक पहुंचाया जा सकता है।