रांची
साइक्लोनिक सर्कुलेशन के प्रभाव से सोमवार को झारखंड के कई जिलों में बारिश हुई। देर रात भी राज्य के कई हिस्सों में बारिश का सिलसिला जारी रहा। वहीं मौसम विभाग केंद्र ने 21 जुलाई को रांची, खूंटी, गुमला, लोहरदगा और सिमडेगा जिलों में वज्रपात के साथ भारी बारिश की संभावना जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। पिछले 24 घंटों के दौरान हजारीबाग में 139.2 मिमी, लोहरदगा में 112 मिमी, कांके में 80.2 मिमी और जामताड़ा में 56 मिमी बारिश रिकॉर्ड दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार, मॉनसून का एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन रोहतक, हरदोई, वाराणसी, मेदिनीनगर, पुरुलिया और दीघा होते हुए बंगाल की खाड़ी की ओर सक्रिय है।
वहीं, दूसरा साइक्लोनिक सर्कुलेशन उत्तर झारखंड और बिहार से होते हुए त्रिपुरा तथा पश्चिम बंगाल की दिशा में बढ़ रहा है। इन दोनों मौसमी प्रणालियों के प्रभाव से झारखंड के कई जिलों में बारिश की गतिविधियां तेज रहने की संभावना है।
सामान्य से अब भी 33 प्रतिशत कम बारिश
एक जून से 20 जुलाई तक झारखंड में सामान्य से 33 प्रतिशत कम वर्षा दर्ज की गई है। इस अवधि में राज्य में सामान्य वर्षापात 319.8 मिमी होना चाहिए था, जबकि अब तक केवल 261.4 मिमी बारिश हुई है। राजधानी रांची में भी बारिश का आंकड़ा सामान्य से 19 प्रतिशत कम रहा। यहां इस अवधि में सामान्य वर्षापात 406.4 मिमी के मुकाबले 331.1 मिमी बारिश दर्ज की गई। लगातार हो रही बारिश के कारण अधिकतम तापमान में भी गिरावट आई है। सोमवार को रांची का अधिकतम तापमान 29.8 डिग्री सेल्सियस, जमशेदपुर का 33.4 डिग्री सेल्सियस और मेदिनीनगर का 30.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।