रांची
झारखंड में मौसम विभाग ने 30 जून से और एक जुलाई को राज्य के कई जिलों में वज्रपात के साथ भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। 30 जून को बोकारो, गिरिडीह, देवघर, धनबाद, जामताड़ा, पाकुड़, दुमका, साहिबगंज और गोड्डा में भारी बारिश हो सकती है। वहीं बाकी जिलों में बादल छाए रहने के साथ, मेघ गर्जन, वज्रपात और तेज हवा के साथ कहीं-कहीं बारिश की संभावना है। एक जुलाई को रांची सहित खूंटी, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसांवा, रामगढ़, बोकारो, धनबाद, जामताड़ा, देवघर, दुमका, पाकुड़, गोड्डा और साहिबगंज में 60 से 100 मिमी तक बारिश हो सकती है। मौसम विज्ञान केंद्र ने इन इलाकों में येलो से ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। बादलों और लगातार बारिश के कारण अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आएगी।
चार जिलों में लू का कहर
शनिवार को पलामू, गढ़वा, चतरा और लातेहार में लू की स्थिति बनी रही, जबकि अन्य जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। रामगढ़ में सबसे अधिक 10 मिमी बारिश दर्ज की गई। रांची, हजारीबाग, बोकारो और देवघर में एक-एक मिमी बारिश हुई। मेदिनीनगर में अधिकतम तापमान 40.7 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि रांची में 34.2, जमशेदपुर में 37.6 और बोकारो में 37.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
रांची में भी 25 फीसदी की गिरावट
राज्य में 27 दिन में सामान्य से 62 प्रतिशत कम बारिश हुई है। वैज्ञानिकों के अनुसार इस बार अलनीनो का असर मॉनसून पर पड़ा है। एक जून से 27 जून तक सामान्य तौर पर 160.2 मिमी बारिश होती है, लेकिन अब तक केवल 61.2 मिमी बारिश हुई है। रांची में सामान्य बारिश 168.6 मिमी है, जबकि अब तक 125.7 मिमी ही दर्ज हुई है। यानी यहां 25 प्रतिशत कम बारिश हुई है।