रांची
रातू थाना क्षेत्र के कुंबाटोली गांव में 19 वर्षीय युवती के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। रातू थाना क्षेत्र के ब्रजपुर ईंट भट्ठे के पास स्थित एक जर्जर मकान में नौ युवकों पर एक युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म करने का आरोप है। घटना 12 जुलाई की रात की बताई जा रही है। इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है, जबकि दो अन्य आरोपी अब भी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।
सहेली संग निकली युवती के साथ रास्ते में वारदात
पुलिस के अनुसार, पीड़िता मूल रूप से खूंटी जिले के रनिया की रहने वाली है और वर्तमान में धुर्वा में रहती है। पीड़िता ने अपने बयान में बताया कि 12 जुलाई की रात वह अपनी सहेली मरियम टुटी, मरियम के मित्र अंकित उरांव तथा अन्य लोगों के साथ रातू के कुंबाटोली स्थित अंकित उरांव के घर जाने वाली थी। पीड़िता के मुताबिक, रात करीब आठ बजे अंकित उरांव, मरियम टुटी और रचित बाइक से निकले, जबकि वह ऋषि उरांव और सुदीप उरांव के साथ स्कूटी से कुंबाटोली के लिए रवाना हुई। उसने बताया कि हाजी चौक तक सभी लोग साथ-साथ चल रहे थे, लेकिन इसके बाद सुदीप उरांव स्कूटी तेज गति से चलाते हुए उसे एक सुनसान स्थान पर ले गया, जहां उसने जबरदस्ती करने का प्रयास किया।

सात आरोपी गिरफ्तार और दो की तलाश जारी
पीड़िता के अनुसार, घटना के अगले दिन 13 जुलाई को आरोपियों ने उस पर मामला दर्ज नहीं कराने का दबाव बनाया। इतना ही नहीं, समझौता कराने के उद्देश्य से उसे रुपये देने की भी कोशिश की गई। हालांकि, पीड़िता ने पैसे लेने से साफ इनकार कर दिया और न्याय के लिए थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पीड़िता का आरोप है कि विरोध करने पर वहां सात-आठ अन्य युवक भी पहुंच गए। इसके बाद उसे ब्रजपुर स्थित एक सुनसान और बंद मकान में ले जाया गया, जहां सुदीप उरांव, निशांत उरांव, रोशन उरांव, अमनदीप उरांव, राहुल उरांव, अभिषेक उरांव, अनुज उरांव, आशीष उरांव तथा ऋषि उरांव ने उसके साथ बारी-बारी से दुष्कर्म किया। मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। वहीं फरार दो आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।