द फॉलोअप डेस्क
खादगढ़ा सब्जी मार्केट सरकारी क्वार्टर से दो नाबालिग सगे भाई 24 घंटे से लापता हैं। लेकिन, अब तक सुखदेवनगर पुलिस को दोनों का कोई सुराग नहीं मिला है। दोनों सगे भाई को खोजने के लिए जब परिवार वाले सुखदेवनगर थाना पहुंचे तो मौजूद पुलिसकर्मियों ने आवेदन नहीं लिया और न ही खोजने के प्रति गंभीरता दिखायी। जानकारी के अनुसार, पांच अप्रैल सुबह चार बजे पिता पुनीत राम के पुत्र गोलू कुमार जिसकी आयु 15 वर्ष और दुसरे बेटे रजनीश कुमार जिसकी आयु 10 वर्ष घर से निकले थे।
देर शाम तक जब दोनों घर नहीं लौटे तो परिजनों ने खोजबीन की। मगर, दोनों का कुछ पता नहीं चला। पुनीत राम ने बताया कि सुखदेवनगर पुलिस ने जब उनका आवेदन लेने से इंकार किया तो वे लोग सिटी एसपी के पास पहुंच गए। सिटी एसपी पारस राणा ने सोमवार को सुखदेवनगर थाना को अविलंब मामले में कार्रवाई करने का निर्देश दिया। इसके बाद उनका आवेदन थाना ने लिया। हालांकि, अब तक पुलिस को उनके दोनों बच्चों का कुछ पता नहीं चल पाया है। पुलिस इसकी जांच में जुटी हुई है। 