द फॉलोअप डेस्क
फिलीपींस में सोमवार सुबह आए 7.8 तीव्रता के शक्तिशाली भूकंप ने भारी तबाही मचाई है। दक्षिणी मिंडानाओ क्षेत्र और जनरल सैंटोस सिटी में कई इमारतें, दुकानें और व्यावसायिक भवन क्षतिग्रस्त हो गए। शुरुआती रिपोर्टों के अनुसार कम से कम 12 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 200 से अधिक लोग घायल हुए हैं। अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) के मुताबिक भूकंप का केंद्र मिंडानाओ द्वीप के निकट समुद्र में लगभग 35 किलोमीटर की गहराई पर स्थित था। भूकंप की तीव्रता इतनी अधिक थी कि जनरल सैंटोस सिटी समेत कई इलाकों में इमारतें हिल गईं और कुछ ढह गईं।

138 झटके महसूस किए गये
फिलीपींस के ज्वालामुखी एवं भूकंप विज्ञान संस्थान (PHIVOLCS) ने बताया कि भूकंप के बाद लगातार आफ्टरशॉक महसूस किए गए। स्थानीय समयानुसार सुबह 11 बजे तक 138 झटके दर्ज किए गए, जिनकी तीव्रता 1.3 से 6.7 के बीच रही। एजेंसी ने लोगों को सतर्क रहने और क्षतिग्रस्त भवनों से दूर रहने की सलाह दी है। भूकंप के बाद सुनामी की चेतावनी भी जारी की गई थी। कुछ तटीय इलाकों में एक मीटर तक ऊंची लहरें दर्ज की गईं, हालांकि बाद में अधिकारियों ने कहा कि बड़े सुनामी का खतरा काफी हद तक टल गया है।

राष्ट्रपति ने दिये राहत बचाव के निर्देश
फिलीपींस के राष्ट्रपति Ferdinand Marcos Jr. ने प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं। कई इलाकों में स्कूल बंद कर दिए गए हैं और आपदा प्रबंधन एजेंसियां राहत कार्य में जुटी हुई हैं।