रांची
भाजपा प्रदेश कार्यालय में पार्टी के सभी 27 नव निर्वाचित जिला अध्यक्षों का सम्मान और अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष एवं नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष सह सांसद आदित्य साहू, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री नागेंद्र त्रिपाठी और प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने अंगवस्त्र और माला पहनाकर सभी जिला अध्यक्षों का स्वागत किया और उनके यशस्वी कार्यकाल की मंगलकामनाएं दीं।
कार्यक्रम के दौरान संगठनात्मक मजबूती, सांगठनिक कार्यों को जमीनी स्तर पर उतारने और राज्य में एसआईआर (Special Intensive Revision) की प्रक्रिया को प्रभावी ढंग से लागू करने का स्पष्ट संदेश दिया गया। बैठक में मतदाता सूची पुनरीक्षण के माध्यम से अवैध और घुसपैठिए मतदाताओं की पहचान करने पर विशेष जोर दिया गया।

प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि राज्य के 72 विधानसभा क्षेत्रों में मतदाताओं की संख्या में अप्रत्याशित वृद्धि देखी गई है, जो सामान्य नहीं बल्कि सुनियोजित षड्यंत्र का संकेत देती है। उन्होंने सिमडेगा विधानसभा क्षेत्र का उदाहरण देते हुए कहा कि जहां गैर-मुस्लिम मतदाताओं में सीमित वृद्धि हुई है, वहीं मुस्लिम मतदाताओं की संख्या में असामान्य बढ़ोतरी सामने आई है। उन्होंने जिलाध्यक्षों और बीएलए-1 से चुनाव आयोग के साथ समन्वय कर अवैध मतदाताओं की पहचान में सहयोग करने की अपील की।
कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि नव निर्वाचित जिलाध्यक्षों को आगामी 48 नगर निकाय चुनाव में भाजपा कार्यकर्ताओं की प्रचंड जीत का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने इंडी गठबंधन पर एसआईआर को लेकर जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया और कहा कि मतदाता सूची में सुधार निष्पक्ष और संवैधानिक प्रक्रिया है, जिससे केवल अवैध मतदाताओं को ही परेशानी हो रही है।
.jpeg)
उन्होंने साहेबगंज के उधवा प्रखंड का हवाला देते हुए कहा कि वहां मतदाताओं में 78 प्रतिशत की वृद्धि कई सवाल खड़े करती है और एसआईआर से ही इसका समाधान संभव है। वहीं, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री नागेंद्र त्रिपाठी और प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने एसआईआर की प्रक्रिया, उद्देश्यों और उसकी बारीकियों पर विस्तार से प्रकाश डाला। कार्यक्रम का संचालन प्रदेश महामंत्री मनोज सिंह ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन पूर्व विधायक अपर्णा सेन गुप्ता ने किया। इससे पहले प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी को उनके जन्मदिन के अवसर पर पुष्पगुच्छ और अंगवस्त्र भेंट कर शुभकामनाएं दी गईं।
