द फॉलोअप डेस्क
डाल्टनगंज के ग्राम कोशियारा में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जहां ग्राम निवासी विनय चौरसिया की 10 वर्षीय पुत्री रितु कुमारी, जो दो दिन पूर्व रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गई थी, आज कुएँ से मृत अवस्था में बरामद हुई है।.jpeg)
जानकारी के अनुसार, ग्रामीणों ने कुएँ से बदबू आने पर इसकी सूचना स्थानीय प्रशासन को दी। जब शव को बाहर निकाला गया तो पहचान रितु कुमारी के रूप में हुई। जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस प्रशासन प्रारंभिक जांच में जुटी हुई है. वहीं चैनपुर थाना क्षेत्र के सर्किल इंस्पेक्टर देवब्रत पोद्दार मौके पर मौजूद हैं।
आशंका जताई जा रही है कि कुछ अपराधिक तत्वों ने बच्ची की बेरहमी से हत्या कर शव को कुएँ में फेंक दिया। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र के जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय लोग बड़ी संख्या में घटनास्थल पर पहुँचे। मौके पर पहुंचकर उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों को पूरी जानकारी दी और शव को बाहर निकलवाने की प्रक्रिया में सहयोग किया।
स्थानीय जनप्रतिनिधि ने इस घिनौनी एवं निंदनीय वारदात की कड़ी निंदा करते हुए पुलिस प्रशासन से निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि दोषियों को ऐसी सजा दी जाए जिससे भविष्य में कोई भी इस तरह का अमानवीय कार्य करने की हिम्मत न कर सके।
घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने बच्ची को न्याय दिलाने की मांग की है। वहीं, पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है।