logo

गिरिडीह में फायरिंग से मचा हड़कंप, युवक घायल; अस्पताल में भर्ती

FIRING1815.jpg

द फॉलोअप डेस्क

गिरिडीह के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बरमोरिया स्थित एएनएम हॉस्टल (पूर्व कोविड अस्पताल) के पास मंगलवार देर शाम गोली चलने की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। अचानक हुई फायरिंग से स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई। इस दौरान दशरथ टुडू नाम का युवक गोली लगने से घायल हो गया। बताया जाता है कि गोली उसके शरीर को छूकर निकल गई, जिससे वह बाल-बाल बच गया।

घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल को गिरिडीह सदर अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसका इलाज शुरू किया। घायल की स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही एसडीपीओ के नेतृत्व में मुफस्सिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने मौके से एक खोखा बरामद किया है और आसपास के इलाकों में सघन जांच की जा रही है।

इसके बाद एसडीपीओ खुद गिरिडीह सदर अस्पताल पहुंचे और घायल दशरथ टुडू से घटना से जुड़ी जानकारी ली। पुलिस ने कहा है कि गोली किसने और क्यों चलाई, इसकी जांच की जा रही है।

फिलहाल पुलिस इस घटना के हर पहलू की पड़ताल कर रही है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और स्थानीय लोगों से पूछताछ की जा रही है ताकि फायरिंग में शामिल व्यक्ति या कारण का पता लगाया जा सके। पुलिस का दावा है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर लिया जाएगा।

Tags - jharkhand news jharkhand khabar jharkhand update jharkhand crime news giridih crime news crime news giridih latest news giridih news firing news