द फॉलोअप डेस्क
आगामी दीपावली और छठ जैसे प्रमुख त्योहारों को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में गिरिडीह जिले के बिरनी थाना क्षेत्र के कटरियाटांड़ में गुप्त सूचना के आधार पर छापामारी कर अवैध विदेशी शराब बनाने वाली एक फैक्ट्री का उद्भेदन किया गया।
छापामारी के दौरान पुलिस ने मौके से विभिन्न प्रकार के अवैध विदेशी शराब बनाने के उपकरण और सामग्री बरामद की है। इनमें स्पिरिट, लेबल, ढक्कन, होलोग्राम समेत तैयार शराब की कई बोतलें शामिल हैं। मौके से अभियुक्त पवन पासवान को गिरफ्तार किया गया है, जिसके विरुद्ध आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।.jpeg)
पुलिस ने बताया कि छापामारी के दौरान कुल 116 बोतल अवैध विदेशी शराब, 120 लीटर स्पिरिट, 2000 पीस लेबल, 5000 पीस ढक्कन, 1000 पीस होलोग्राम और 3 लीटर केरामल बरामद किया गया है।.jpg)
यह कार्रवाई अवर निरीक्षक उत्पाद रवि रंजन के नेतृत्व में की गई। छापामारी दल में गृह रक्षक जवान और अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण और सुरक्षित बनाने के लिए ऐसे अवैध कारोबारों के खिलाफ सघन अभियान आगे भी जारी रहेगा।