द फॉलोअप डेस्क
खूंटी के दुलमी जंगल में एक हथिनी गंभीर रूप से घायल हो गई है। यह हथिनी पिछले 4 दिनों से अपने 2 बच्चों के साथ जंगल में इधर-उधर भटक रही है। घायल होने के कारण वह बुरी तरह से चिंघाड़ रही है और खुद को घसीटते हुए चल रही है। मामला खूंटी वन प्रमंडल के बुंडू रेंज का है, जहां वन विभाग की टीम घायल हथिनी के इलाज में जुटी है। वन विभाग के कर्मियों ने बताया कि हथिनी को फलों के जरिए दवा दी जा रही है। उसे कद्दू, कोहड़ा और तरबूज में मिलाकर दलाइयां दी रही हैं ताकि वह आसानी से खा सके। साथ ही उसके 2 बच्चों के लिए भी खाने की व्यवस्था की गयी है।
हथिवनी के कराहने की आवाज सुनकर बुंडू और तमाड़ इलाके के वनरक्षी जब जंगल में पहुंचे तो वहां खून के निशान मिले। जांच में पता चला कि हथिनी का पैर बुरी तरह जख्मी है। ऐसा माना जा रहा है कि उसके पैर में कोई नुकीली चीज घुस गयी है या किसी ने तीर से हमला किया है। फिलहाल इसकी पुष्टि नहीं हो पाई है। खूंटी रेंजर सुरेंद्र सिंह ने बताया कि हथिनी और उसके बच्चों के आसपास भीड़ जमा हो रही है, जिससे उन्हें परेशानी हो रही है। लोगों को जंगल से दूर रहने की सलाह दी गयी है और स्थानीय पुलिस को भी सूचना दी गयी है ताकि स्थिति को नियंत्रित किया जा सके।
वन विभाग की टीम लगातार हथिनी की निगरानी कर रही है। हर मूवमेंट पर नजर रखी जा रही है। रेंजर सुरेंद्र सिंह, वनरक्षी खिरोद सिंह मुंडा, सीप्रियंन टूटी, प्रभात कुमार पाढ़ और फॉरेस्ट गार्ड अनल सिंह मुंडा समेत कई कर्मचारी हथिनी के इलाज में लगे हुए हैं।