द फॉलोअप डेस्क
जामताड़ा में लगातार बढ़ रही बाइक चोरी की घटनाओं से परेशान पुलिस को आखिरकार बड़ी सफलता हाथ लगी है। जामताड़ा पुलिस ने गोविंदपुर-साहिबगंज हाईवे स्थित पोसई मोड़ के पास विशेष वाहन जांच अभियान के दौरान एक बड़े बाइक चोरी गिरोह का भंडाफोड़ किया है।.jpeg)
वाहन जांच के दौरान पुलिस ने संदिग्ध बाइक सवार दो युवकों को रोकने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस को देखते ही दोनों भागने लगे। पीछा करने के दौरान एक आरोपी मकसूद अंसारी उर्फ बहरा, निवासी दिघारी, को पुलिस ने धर दबोचा। उसका साथी नचनिया फरार हो गया। पूछताछ में मकसूद ने बाइक चोरी गिरोह से जुड़े कई सनसनीखेज खुलासे किए।
उसने बताया कि वे लोग संगठित गिरोह के रूप में काम करते हैं और चोरी की बाइक को पड़ोसी जिलों — देवघर, दुमका, धनबाद और गिरिडीह में बेचते हैं। जांच में यह भी सामने आया कि गिरोह का मास्टरमाइंड शहाबुद्दीन अंसारी है, जो कर्माटांड़ का रहने वाला है। और उसके बाद पुलिस ने छानबीन के दौरान शहाबुद्दीन अंसारी को गिरफ्तार कर लिया। 
पुलिस ने मकसूद अंसारी और शहाबुद्दीन अंसारी की निशानदेही पर विभिन्न स्थानों से 12 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। इसके अलावा, गिरोह के अन्य सदस्य नचनिया, बकरीद मियां, और अन्य दो साथी अब भी फरार बताए जा रहे हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
जामताड़ा पुलिस अधीक्षक राजकुमार मेहता ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बाइक चोरी गिरोह का सरगना नारायणपुर से जामताड़ा की ओर आ रहा है। सूचना के आधार पर एसडीपीओ विकास आनंद लांगुरी के नेतृत्व में वाहन जांच अभियान चलाया गया, जिसके दौरान यह सफलता मिली।.jpeg)
पुलिस के अनुसार, बरामद की गई बाइकें Jh54L6959 सहित अन्य रजिस्ट्रेशन नंबरों की हैं, जो हाल के महीनों में जामताड़ा और आसपास के इलाकों से चोरी की गई थीं। पुलिस ने बताया कि गिरोह के तार राज्य के कई जिलों से जुड़े हैं और इनके खिलाफ पूर्व में भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। फ़िलहाल दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है, जबकि फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान जारी है।