logo

झारखंड में वज्रपात और तेज बारिश का अलर्ट, इन 18 जिलों के लिए ऑरेंज चेतावनी जारी

RAIN_AI.jpg

द फॉलोअप डेस्क
झारखंड में मानसूनी गतिविधियां तेज होने लगी हैं। मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों में वज्रपात, तेज हवा और भारी बारिश को लेकर विशेष चेतावनी जारी की है। शुक्रवार को पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, सिमडेगा, रांची, खूंटी, रामगढ़, देवघर, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़, साहिबगंज, धनबाद, बोकारो, कोडरमा और हजारीबाग जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने, गर्जन और वज्रपात की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार, 13 जून तक राज्य के कई हिस्सों में अच्छी बारिश होने की संभावना है। अगले 24 घंटों के दौरान अधिकतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की उम्मीद नहीं है, लेकिन इसके बाद तीन दिनों में तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है। वहीं 14, 15 और 16 जून को भी राज्य के अधिकांश इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने के संकेत हैं, जिससे लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिलने की उम्मीद है।


रांची समेत कई जिलों में हुई झमाझम बारिश
गुरुवार को सुबह धूप और बादलों की आवाजाही के बीच दोपहर बाद रांची समेत कई जिलों में जोरदार बारिश हुई। कई स्थानों पर तेज हवाएं भी चलीं, जिससे मौसम सुहाना हो गया। पिछले 24 घंटे के दौरान राज्य के विभिन्न हिस्सों में गर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक 40.2 मिमी बारिश धनबाद में रिकॉर्ड की गई, जबकि सबसे अधिक अधिकतम तापमान 43.2 डिग्री सेल्सियस डाल्टेनगंज में और सबसे कम न्यूनतम तापमान 21.5 डिग्री सेल्सियस रांची में दर्ज किया गया।


मौसम विभाग की सलाह, सतर्क रहें लोग
वज्रपात की आशंका को देखते हुए मौसम विभाग ने लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। विभाग ने कहा है कि बारिश और गर्जन के दौरान खुले मैदानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहें। खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर शरण लें और अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचें। मौसम विभाग ने मोबाइल फोन का सीमित उपयोग करने और किसी भी आपात स्थिति में स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

 

Tags - Jharkhand Weather Rain Alert Lightning IMD Ranchi