रांची
भारत सरकार के युवा कार्य विभाग के तत्वाधान में आयोजित "सरदार @150 यूनिटी मार्च – एक भारत, आत्मनिर्भर भारत अभियान" का शुभारंभ सरदार बल्लभ भाई पटेल की 150वीं जयंती वर्षगांठ के अवसर पर किया जा रहा है। यह राष्ट्रीय स्तर का अभियान सरदार पटेल की अमर विरासत और एकीकृत भारत के दृष्टिकोण को युवाओं और जनता के बीच ले जाने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है।
प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष और सांसद आदित्य साहू ने कहा कि यह कोई दलीय कार्यक्रम नहीं है, बल्कि एक राष्ट्रव्यापी जन अभियान है। उन्होंने बताया कि यह अभियान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत मिशन के साथ सरदार पटेल के आदर्शों को जोड़ते हुए देशभर में जनभागीदारी को बढ़ावा देगा।

साहू ने बताया कि राज्य के सभी जिलों में पदयात्रा कार्यक्रम 31 अक्टूबर से 25 नवंबर तक चलेगा। प्रत्येक लोकसभा क्षेत्र में तीन दिवसीय पदयात्रा होगी, जिसमें प्रत्येक दिन लगभग 10 किलोमीटर की यात्रा होगी। यात्रा के दौरान स्वच्छता अभियान, नशा मुक्ति अभियान, योग स्वास्थ्य शिविर, युवा संपर्क अभियान, निबंध और वाद-विवाद प्रतियोगिताएं जैसे कार्यक्रम भी आयोजित होंगे।
राष्ट्रीय पदयात्रा कार्यक्रम सरदार पटेल के जन्म स्थान करमसद से शुरू होगा और केवड़िया के स्टैच्यू ऑफ यूनिटी (एकता नगर) पर समाप्त होगा। इसमें राज्य के सभी जिलों से पांच-पांच पदयात्री शामिल होंगे।
प्रदेश उपाध्यक्ष एवं कार्यक्रम के संयोजक बालमुकुंद सहाय ने कहा कि यह ऐतिहासिक अभियान देश की युवा पीढ़ी के लिए नई प्रेरणा का स्रोत बनेगा। राष्ट्रीय स्तर पर यात्रा के चार प्रवाह होंगे:
• गंगा प्रवाह: दिल्ली से शुरू
• यमुना प्रवाह: जयपुर से शुरू
• नर्मदा प्रवाह: नागपुर से शुरू
• गोदावरी प्रवाह: मुंबई से शुरू
सभी प्रवाह आनंद में मिलेंगे और फिर केवड़िया (एकता नगर) में स्टैच्यू ऑफ यूनिटी तक पहुंचेगी।
कार्यक्रम के संचालन में सांसद, माई भारत, नेहरू युवा केंद्र और एनएसएस जैसे संगठन सहयोग करेंगे। यात्रा के पड़ावों पर सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित होंगे। प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष आदित्य साहू ने युवाओं और जनता से इस राष्ट्रीय अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया। कार्यक्रम का संचालन सह-समन्वयक शशांक राज करेंगे।
