द फॉलोअप डेस्क
सारंडा स्थित छोटानागरा के बाहदा गांव में लगे मोबाइल टावर को नक्सलियों ने एक बार फिर बीती रात को जलाकर नष्ट कर दिया है। मिली जानकारी के अनुसार, हथियारबंद नक्सली बाहदा में पहुंचे और टावर के पास मौजूद कर्मचारियों को धमकाकर भगा दिया। इसके बाद उन्होंने टावर पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। कुछ ही देर में पूरा टावर धू-धूकर जल उठा, जिससे क्षेत्र में दहशत फैल गई।
दूसरी ओर क्षेत्र में नक्सलियों ने इस दौरान पोस्टरबाजी के साथ साथ नारेबाजी भी की। नक्सली संगठन इस पूरे सप्ताह को प्रतिरोध सप्ताह के रूप में मना रहा है। दरअसल, सारंडा में एक करोड़ के इनामी नक्सली मिसिर बेसरा और असीम मंडल, अजय महतो, अनमोल, मोछू, सागेन अंगरिया, अश्विन, पिंटू, चंदन लोहार, रापा मुंडा समेत कई सक्रिय है। इनमें से कई नक्सलियों पर 25 लाख, 15 लाख और दस लाख तक के इनाम भी रखे गए हैं। .jpeg)
नक्सलियों का 15 अक्तूबर को बंद
बता दें कि नक्सलियों द्वारा 8 से 14 अक्तूबर तक प्रतिरोध सप्ताह और 15 अक्तूबर को झारखंड समेत पांच राज्यों में बंद का आह्वान किया गया है।