logo

सब्जी मंडी बनी रणभूमि, दो गुटों में हिंसक झड़प; 1 दर्जन लोग घायल

jamua_news.jpg

द फॉलोअप डेस्क
गिरिडीह जिले के जमुआ थाना क्षेत्र के जगन्नाथडीह मिर्जागंज सब्जी मंडी में रविवार को सब्जी की खरीद-बिक्री के दौरान जाम को लेकर दो गुटों में हिंसक झड़प हो गई। देखते ही देखते मामूली कहासुनी ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। दोनों पक्षों की ओर से ईंट-पत्थर और लाठी-डंडों का जमकर प्रयोग हुआ।

हंगामे के दौरान फल और सब्जियां सड़कों पर बिखर गईं, जिससे मंडी का दृश्य रणभूमि में बदल गया। अचानक हुई इस मारपीट में करीब एक दर्जन लोग घायल हो गए। घटना के बाद आसपास के लोग भयवश अपने घरों में दुबक गए।

सूचना मिलते ही जमुआ थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और भारी मशक्कत के बाद स्थिति को नियंत्रण में लिया। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया।

घटना के बाद दोनों पक्षों ने थाना में आवेदन देकर एक-दूसरे पर मारपीट और रंगदारी मांगने का आरोप लगाया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच-पड़ताल और आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।

Tags - jharkhand news jharkhand latest news jharkhand khabar giridih news giridih khabar giridih update jamua news