नंदलाल तुरी
झारखंड सरकार के खेलकूद एवं युवा कार्य निदेशालय द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय खेल प्रतिभा चयन 2025–26 के अंतर्गत कबड्डी (बालक वर्ग) में पाकुड़ जिले के 07 प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का चयन किया गया है। राज्य स्तर पर जारी मेधा सूची के अनुसार कुल 23 खिलाड़ियों का चयन किया गया है, जिनमें से 07 खिलाड़ी पाकुड़ जिले से हैं। चयनित खिलाड़ियों के नाम इस प्रकार हैं: सत्यम कुमार, राज घोष, सोनु कुमार ठाकुर, नेतिक तिवारी, जेद खान, शिवम दास एवं आदेश मंडल। उक्त सभी चयनित प्रशिक्षु खिलाड़ी वर्तमान में पाकुड़ जिले में संचालित डे-बोर्डिंग प्रशिक्षण केंद्र में कोच संजय भगत से नियमित प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। चयनित खिलाड़ियों का शारीरिक परीक्षण दिनांक 17 एवं 18 दिसंबर 2025 को हॉकी प्रशिक्षण केंद्र (HPC), रांची में आयोजित किया जाएगा।
इस उपलब्धि पर उपायुक्त, पाकुड़ मनीष कुमार ने चयनित सभी खिलाड़ियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह चयन पाकुड़ जिले की उभरती खेल प्रतिभाओं का प्रमाण है तथा इससे अन्य युवाओं को भी खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी। उपायुक्त ने खिलाड़ियों से अनुशासन, निरंतर अभ्यास एवं समर्पण के साथ आगे भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करने का आह्वान किया। खेलकूद एवं युवा कार्य निदेशालय द्वारा संबंधित जिला खेल पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि चयनित खिलाड़ियों की निर्धारित तिथि पर एचपीसी, रांची में उपस्थिति सुनिश्चित कराई जाए। खिलाड़ियों को भोजन, आवास एवं यात्रा व्यय की सुविधा नियमों के अनुरूप उपलब्ध कराई जाएगी।
