गढ़वा
गढ़वा जिला टेबल टेनिस संघ के तत्वावधान में आयोजित 15वीं गढ़वा जिला अंतर-विद्यालय टेबल टेनिस प्रतियोगिता का समापन समारोह संपन्न हुआ. इस अवसर पर विजेता खिलाड़ियों को अग्रणी बैंक के प्रबंधक सत्यदेव रंजन, जिला ओलंपिक संघ के अध्यक्ष शैलेंद्र पाठक, गढ़वा जिला टेबल टेनिस संघ के अध्यक्ष मदन प्रसाद केसरी, उपाध्यक्ष धनंजय सिंह, सचिन आनंद सिन्हा सहित अन्य अतिथियों ने पुरस्कृत किया. कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अग्रणी बैंक प्रबंधक सत्यदेव रंजन ने कहा कि गढ़वा जिला टेबल टेनिस संघ के पदाधिकारियों के प्रयासों से जिले में टेबल टेनिस खेल को नई पहचान मिली है. उन्होंने कहा कि संघ ने खिलाड़ियों को क्रिकेट की छाया से निकालकर टेबल टेनिस की ओर प्रेरित किया है. उन्होंने बताया कि आज संघ के 18 खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर खेल रहे हैं. उन्होंने कहा कि गढ़वा की असली ताकत यहां के प्रतिभाशाली बच्चे हैं.
जिला ओलंपिक संघ के अध्यक्ष शैलेंद्र पाठक ने कहा कि सरकार खेलों के विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है. राज्य में स्पोर्ट्स साइंस लैब की स्थापना की गई है, जहां खिलाड़ियों की क्षमता का आकलन कर उन्हें उपयुक्त खेल में आगे बढ़ने का अवसर दिया जाता है. उन्होंने खिलाड़ियों से इस सुविधा का लाभ लेने की अपील की और कहा कि खिलाड़ियों को सपने देखने के साथ-साथ उन्हें पूरा करने के लिए मेहनत भी करनी चाहिए. गढ़वा जिला टेबल टेनिस संघ के अध्यक्ष मदन प्रसाद केसरी ने कहा कि टेबल टेनिस के विकास में संघ के पदाधिकारियों के साथ-साथ खिलाड़ियों और अभिभावकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है. उन्होंने बताया कि संघ की ओर से जल्द ही समर कैंप का आयोजन किया जाएगा, जिसमें सभी खिलाड़ियों को भाग लेना चाहिए.
उपाध्यक्ष धनंजय सिंह ने कहा कि गढ़वा जिला खेलों की भूमि है और टेबल टेनिस को आगे बढ़ाने में संघ का महत्वपूर्ण योगदान रहा है. उन्होंने खिलाड़ियों से पढ़ाई के साथ-साथ खेल में भी मेहनत करने की अपील की. सचिन आनंद सिन्हा ने बताया कि इस प्रतियोगिता में 14 स्कूलों के 106 खिलाड़ियों ने विभिन्न आयु वर्ग में हिस्सा लिया और उत्कृष्ट प्रदर्शन किया. कार्यक्रम का संचालन संघ के कोषाध्यक्ष सह कोच कमलेश कुमार दुबे ने किया. प्रतियोगिता के परिणाम इस प्रकार रहे. ओपन बालक वर्ग में हर्षित कुमार पांडे ने उज्जवल कुमार को 3-1 से हराकर खिताब जीता, जबकि बालिका वर्ग में अंजलि कुमारी ने आयुषी कुमारी पांडेय को 3-1 से हराकर चैंपियन बनने का गौरव प्राप्त किया.

टीम चैंपियनशिप में सीएमएस ओआई बालिका उच्च विद्यालय ने शांति निवास उच्च विद्यालय को 3-0 से हराकर बालिका वर्ग का खिताब जीता. वहीं, बालक वर्ग में गोविंद उच्च विद्यालय ने राम साहू उच्च विद्यालय को 3-1 से हराकर चैंपियन बना. अंडर-11 बालक वर्ग में अर्णव कुमार दुबे ने दिव्यांश राज को 3-0 से हराया, जबकि बालिका वर्ग में पृशा मिश्रा ने शुभांगी चौबे को 3-0 से हराकर खिताब जीता. अंडर-13 बालक वर्ग में रोहन पाल ने आयुष राज को 3-0 से हराया, जबकि बालिका वर्ग में पलक भारती ने सनाया सिंह को 3-0 से हराकर जीत दर्ज की. अंडर-15 बालक वर्ग में मयंक राज ने नमन धर दुबे को 3-0 से हराया, जबकि बालिका वर्ग में वर्षा रानी ने आयुषी कुमारी को हराकर चैंपियन बनीं. अंडर-17 बालिका वर्ग में रिद्धि सिंह ने दिव्या सोनी को हराकर खिताब अपने नाम किया. ओपन डबल्स बालिका वर्ग में अंजलि कुमारी और आयुषी कुमारी पांडेय की जोड़ी ने आयुषी कुमारी और रिद्धि सिंह की जोड़ी को 3-0 से हराया. वहीं, ओपन डबल्स बालक वर्ग में हर्षित कुमार पांडे और सचिन कुमार की जोड़ी ने नीतीश कुमार मेहता और रोशन पाल की जोड़ी को हराकर खिताब जीता.