जमशेदपुर:
जमशेदपुर के साकची थाना क्षेत्र स्थित आंचल कार्यकारी महिला छात्रावास में रहने वाली 19 वर्षीय छात्रा नीलमणि गोराई ने मंगलवार सुबह दुपट्टे के सहारे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद हॉस्टल में अफरा-तफरी मच गयी। बताया जा रहा है कि छात्रा ने आत्महत्या से पहले अपने भाई को एक भावुक संदेश भेजा था, जिसमें उसने लिखा था- "आप जैसी बहन चाह रहे थे, वैसा हम बन नहीं पाये। मुझे माफ कर दीजिएगा, लेकिन उसे मत छोड़ियेगा।"
दुपट्टे के सहारे फंदे से लटका था छात्रा का शव
मृतका सरायकेला-खरसावां जिले के नीमडीह थाना क्षेत्र स्थित हेवन गांव की रहने वाली थी। वह करीब तीन महीने पहले कंप्यूटर कोचिंग करने के लिए जमशेदपुर आयी थी और एक मार्च से साकची स्थित महिला छात्रावास में रह रही थी। जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह छात्रा का भाई लगातार फोन कर रहा था, लेकिन नीलमणि फोन नहीं उठा रही थी। इसके बाद वह हॉस्टल पहुंचा और वार्डन को इसकी जानकारी दी। हॉस्टल की कर्मचारी संगीता जब छात्रा के कमरे में पहुंची तो अंदर का दृश्य देखकर चीख पड़ी। इसके बाद महिला होमगार्ड और अन्य कर्मचारियों की मदद से कमरे का दरवाजा खोला गया। अंदर छात्रा का शव दुपट्टे के सहारे पंखे से लटका मिला।

गांव केे युवक के साथ था छात्रा का प्रेम संबंध
घटना की सूचना तत्काल साकची थाना पुलिस को दी गयी। पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से छात्रा को फंदे से उतारकर एमजीएम अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि नीलमणि का अपने गांव के ही एक युवक से प्रेम संबंध था और वह उससे शादी करना चाहती थी। हालांकि, युवक द्वारा शादी से इनकार किये जाने के बाद वह काफी तनाव में थी। इसके बाद सोमवार सुबह छात्रा ने जमशेदपुर में रह रहे अपने एक भाई को मैसेज भेजकर अपनी व्यथा बतायी थी। जिसमें उसने भाई से माफी मांगते हुए जिस युवक से वह प्रेम करती थी, उसे नहीं छोड़ने की बात कही थी।
हॉस्टल कर्मचारियों के अनुसार, नीलमणि जिस कमरे में रहती थी, उसमें 2 अन्य छात्राएं भी रहती थीं। दोनों एमजीएम अस्पताल में नर्स के रूप में कार्यरत हैं। इनमें वरदानी तिर्की सोमवार को ए शिफ्ट में ड्यूटी के लिए सुबह करीब 7.30 बजे हॉस्टल से निकल गयी थी, जबकि दूसरी छात्रा स्नेहा किरो रविवार रात से ही नाइट शिफ्ट में एमजीएम अस्पताल में थी।

विभिन्न पहलुओं से छानबीन में जुटी है पुलिस
दूसरी ओर घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजन जमशेदपुर पहुंचे। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया। छात्रा की मौत के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है, जबकि हॉस्टल में रहने वाली अन्य छात्राएं भी घटना से सदमे में हैं। साकची थाना पुलिस ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। आत्महत्या के कारणों का पता लगाने के लिए छात्रा के मोबाइल और अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में किसी संदिग्ध परिस्थिति की पुष्टि नहीं हुई है।
