द फॉलोअप डेस्क
गुमला जिले के बसिया प्रखंड में प्रखंड विकास पदाधिकारी की अध्यक्षता में ग्राम लोंग में 20 महिला उद्यमियों को कौशल उन्नयन योजना के तहत प्रशिक्षण दिया जा रहा है। यह प्रशिक्षण मुख्यमंत्री लघु एवं कुटीर उद्यम विकास बोर्ड के सहयोग से आयोजित किया गया है, जिसमें महिलाएं जूट क्राफ्ट का प्रशिक्षण प्राप्त करेंगी।
इस प्रशिक्षण के दौरान महिलाएं विभिन्न प्रकार के उत्पाद जैसे बैग, हैंडबैग, बोरी आदि का निर्माण करना सीखेंगी। यह प्रशिक्षण 25 दिन का होगा, जिसके बाद महिलाएं आत्मनिर्भर होकर अपना व्यवसाय शुरू कर सकेंगी। मुख्यमंत्री लघु एवं कुटीर उद्यम विकास बोर्ड के सहयोग से इन महिलाओं के लिए मार्केटिंग व्यवस्था भी की जाएगी।
इसके साथ ही, ग्राम लोंग में एक सीएफसी (कॉमन फैसिलिटी सेंटर) का निर्माण किया जाएगा, जहां महिलाएं एक साथ मिलकर काम कर सकेंगी और अपने आय के स्रोत को बढ़ा सकेंगी। उद्घाटन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री लघु एवं कुटीर उद्यम विकास बोर्ड के जिला उद्यमी समन्वयक और प्रखंड उद्यमी समन्वयक कामडरा/बसिया भी उपस्थित रहे। इस तरह के प्रशिक्षण कार्यक्रम जिले की महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में अहम कदम साबित हो रहे हैं। इस दौरान महिलाओं को आवश्यक टूलकिट भी प्रदान की गई, ताकि वे सीखे गए कौशल को व्यवहार में लाकर अपने उद्यम की शुरुआत कर सकें।
