द फॉलोअप डेस्क, रांची:
झारखंड सरकार ने JSSC-CGL और JPSC की जिन 22 भर्ती परीक्षाओं को रद्द किया है, उनमें 4 परीक्षाओं के जरिये कुल 2,394 पदों पर नियुक्ति की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। गौरतलब है कि JPSC के माध्यम से 1,227 पदों पर होने वाली 18 परीक्षाएं रद्द हो चुकी है। JPSC की जिन 18 परीक्षाओं को रद्द किया गया है, उनमें 4 परीक्षाओं के लिए विज्ञापन जारी करके आवेदन मांगे गए थे। आयोग ने इसके आगे की प्रक्रिया पूरी नहीं की थी। इन परीक्षाओं के माध्यम से विभिन्न पदों पर कुल 116 भर्तियां होने वाली थी। 2 प्रतियोगी परीक्षाओं को संबंधित विभाग के अनुरोध पर पहले ही स्थगित किया जा चुका है।
8 भर्तियों में प्रारंभिक परीक्षा हो चुकी है। प्रारंभिक परीक्षाओं का रिजल्ट जारी किया जा चुका है मुख्य परीक्षा का आयोजन होना बाकी है। इन्हें भी रद्द किया गया है। इन परीक्षाओं के माध्यम से कुल 701 पदों पर नियुक्ति होने वाली थी।

कोर्ट में विचाराधीन है कई नियुक्ति परीक्षाएं
इसके अलावा 37 पदों पर होने वाली 2 परीक्षाओं की प्रक्रिया चल रही थी। झारखंड पात्रता परीक्षा का आयोजन भी हो चुका है, जिसका रिजल्ट आना बाकी है। गौरतलब है कि जिन परीक्षाओं को रद्द किया गया है, उनमें से कई हाईकोर्ट के आदेश के बाद आयोजित की गई थी। मसलन- JSSC-CGL, खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी, वन क्षेत्र पदाधिकारी और सहायक वन संरक्षक। कई परीक्षाओं से जुड़े मुकदमे कोर्ट में विचाराधीन हैं। जिन परीक्षाओं को रद्द किया गया है, उनसे करीब 15 लाख नौजवानों का भविष्य जुड़ा है।
अनुमान लगाया जा रहा है कि इतने अभ्यर्थी इस परीक्षा में शामिल हुए या होने वाले थे। फिलहाल, 2,394 अभ्यर्थियों की नौकरी चली गई। इनमें JSSC-CGL, खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी और 11वीं-13वीं JPSC सिविल सेवा परीक्षा के अभ्यर्थी शामिल हैं। इन्हें नियुक्ति पत्र मिला था और इन्होंने नौकरी भी ज्वॉइन की थी।

इन परीक्षाओं के जरिये हो चुकी थी नियुक्ति
गौरतलब है कि JSSC-CGL, 11वीं-13वीं JPSC सिविल सेवा, CDPO, FSO परीक्षा के जरिये नियुक्ति पत्र दिया जा चुका था। सहायक निदेश, सीनियर साइंटिफिक ऑफिसर बैकलॉग नियुक्ति-2025, सहायक निदेशक, सीनियर साइंटिफिक ऑफिसर नियमित नियुक्ति-2025, इंजीनियरिंग कॉलेजों में सहायक प्राध्यापक बैकलॉग नियुक्ति-2026, मेडिकल कॉलेजों में स्पेशियलिटी सहायक प्राध्यापकों की नियुक्ति-2026 के लिए आवेदन मांगे गए थे। 14वीं JPSC सिविल सेवा, सिविल सेवा बैकलॉग परीक्षा-2023, सिविल सेवा बैकलॉग परीक्षा-2025, सिविल जज जूनियर डिविजन नियुक्ति परीक्षा-2023, सहायक वन संरक्षक नियुक्ति परीक्षा-2024, वन क्षेत्र पदाधिकारी नियुक्ति परीक्षा-2024, सहायक लोक अभियोजक नियुक्ति नियमित परीक्षा-2025, सहायक लोक अभियोजक नियुक्ति बैकलॉग परीक्षा-2025 की प्रारंभिक परीक्षा का आयोजन किया जा चुका था।
यूनिवर्सिटीज में नॉन टीचिंग पदों पर नियुक्ति परीक्षा-2025, ड्रग इंस्पेक्टर नियुक्ति परीक्षा-2025 अभी प्रक्रियाधीन थी। राजकीय पॉलिटेक्निक में प्रोफेसर की नियमित नियुक्ति-2026 और राजकीय पॉलिटेक्निक में प्रोफेसर की बैकलॉग नियुक्ति-2026 की परीक्षा 16 मार्च 2026 को ही स्थगित कर दी गई थी।
सरकार ने 22 भर्ती परीक्षाओं को रद्द किया है
गौरतलब है कि झारखंड सरकार ने 22 नियुक्ति परीक्षाओं को रद्द किया है। 17 परीक्षाओं की जांच CID को सौंपने का ऐलान किया है। 6 परीक्षाओं को CID की मौजूदा जांच के पूरे होने तक स्थगित किया गया है। सरकार ने JPSC और JSSC में सुधार के लिए IAS अमिताभ कौशल की अध्यक्षता में कमेटी बनाई गई है।